इधर 'काला हिरण' का टीजर आया, उधर भड़के सलमान खान फिल्म रोकने पहुंचे दिल्ली हाई कोर्ट
क्या है खबर?
फिल्म 'काला हिरण: बैटल फॉर लेगेसी' का टीजर रिलीज होते ही सलमान खान ने बड़ा कानूनी कदम उठाया है। उन्होंने अपनी छवि को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उनका आरोप है कि इस फिल्म में उनकी अनुमति के बिना उनके व्यक्तित्व और नाम का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे उनकी प्रतिष्ठा और काले हिरण शिकार मामले से जुड़ी कानूनी कार्रवाई प्रभावित हो सकती है।
मांग
फिल्म की रिलीज और प्रोडक्शन पर रोक लगाने की मांग
सलमान ने अपनी निजता और व्यक्तित्व अधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए फिल्म 'काला हिरण: बैटल फॉर लेगेसी' के निर्माण, प्रचार और रिलीज पर तुरंत रोक लगाने के लिए दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। सलमान का दावा है कि ये फिल्म उनके 1998 के काले हिरण शिकार मामले से प्रेरित है और इसके पोस्टर व टीजर में उनके नाम, सिग्नेचर ब्रेसलेट और उनके जैसे दिखने वाले कलाकार का इस्तेमाल कर निर्माता व्यावसायिक फायदा उठाना चाहते हैं।
दलील
सलमान ने कोर्ट में दी ये दलील
सलमान द्वारा हाई कोर्ट में दायर इस याचिका में निर्माता अमित जानी, जानी फायरफॉक्स फिल्म्स और अक्षय पांडे समेत अन्य को पक्षकार बनाया गया है। अभिनेता ने कोर्ट में दलील दी है कि ये फिल्म न सिर्फ उनकी प्रतिष्ठा को अपूरणीय क्षति पहुंचा सकती है, बल्कि उनके काले हिरण शिकार मामले से जुड़ी मौजूदा अदालती कार्यवाही को भी प्रभावित कर सकती है। सलमान ने कोर्ट से फिल्म की रिलीज, प्रचार और ऑनलाइन प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की है।
नोटिस
सलमान की कानूनी टीम ने भेजा था निर्माता को नाेटिस
ये विवाद तब शुरू हुआ, जब सलमान खान के वकीलों ने फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी' के निर्माताओं को कानूनी नोटिस भेजा। इसके जवाब में 2 जून को निर्माता अमित जानी ने सलमान के सभी आरोपों को खारिज कर दिया। उनका कहना है कि फिल्म किसी की निजी जिंदगी पर आधारित नहीं है, बल्कि केवल उन तथ्यों और जानकारियों पर बनी है जो पहले से सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हैं।
बदलाव
'काला हिरण' में सलमान बने 'अयान' और लॉरेंस बना 'लॉयन'
निर्माता के मुताबिक, फिल्म सलमान की बायोपिक नहीं, बल्कि सार्वजनिक रूप से उपलब्ध तथ्यों पर आधारित है। उनके अनुसार, फिल्म का मुख्य विषय वन्यजीव संरक्षण और बिश्नोई समाज का संघर्ष है। उन्होंने हैरानी जताई कि सिर्फ फिल्म का पोस्टर रिलीज होने पर ही नोटिस भेज दिया गया। सामने आए फिल्म के टीजर में विवादों से बचने के लिए निर्माताओं ने सलमान से प्रेरित किरदार को अयान खान और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से प्रेरित किरदार को लॉयन बिश्नोई नाम दिया है।