'काला हिरण' की पहली झलक जारी, बिना नाम लिए सलमान खान के विवाद पर टिकी कहानी
क्या है खबर?
फिल्म निर्माता अमित जानी ने 'काला हिरण-द बैटल फॉर लेगेसी' का ऐलान कुछ दिन पहले किया था। उस वक्त फिल्म का पहला पोस्टर सामने आया था और अब पहली आधिकारिक झलक को जारी कर दिया गया है। इसे जानी फायरफॉक्स फिल्म्स नाम के यूट्यूब चैनल पर जारी किया गया है। फिल्म सलमान खान के चर्चित काला हिरण शिकार मामले (1998) पर आधारित बताई जा रही है। हाल ही में, अभिनेता की कानूनी टीम ने निर्माता को नोटिस भेजा था।
टीजर
सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई की दुश्मनी का जिक्र
वीडियो की शुरुआत 2 अक्टूबर, 1998 की रात से होती है, जब दरमियानी रात को 2 काले हिरण का शिकार होता है। कोर्ट में मामले को लेकर बहसबाजी चल रही है और हिरणों को मारने का आरोप अयान खान पर लगा है। अयान का लुक सलमान से काफी मिलता-जुलता दिखा है। यहां तक कि उन्होंने अभिनेता जैसा ब्रेसलेट भी पहना है। अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का 'प्रभाव' और लॉरेंस बिश्नोई से अभिनेता की दुश्मनी का जिक्र भी दिखाया गया है।
पलटवार
सलमान की ओर से निर्माता पर किया गया केस
सलमान की कानूनी टीम ने 'काला हिरण' निर्माता को नोटिस भेजकर फिल्म पर रोक लगाने के लिए कहा था। हालांकि अमित ने कहा कि उनकी फिल्म पूरी तरह से पब्लिक डोमेन में मौजूद जानकारी पर आधारित है। इंडिया टुडे से बातचीत में उन्होंने कहा, "यह नोटिस जल्दबाजी में भेजा गया है। मेरी फिल्म सलमान की बायोपिक नहीं है। यह लीगल कार्रवाई गैर-जरूरी है।" उन्होंने यह भी कहा कि 12 जून को टीजर जारी करके उन्होंने पहली लड़ाई जीत ली है।