भारत में दर्शकों के लिए तरसी सलमान खान-संजय दत्त की '7 डॉग्स', 400 करोड़ की सबसे महंगी अरबी फिल्म फ्लॉप
सलमान खान और संजय दत्त की फिल्म '7 डॉग्स' से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इसका जादू नहीं चल पाया। फिल्म ने दूसरे दिन भारत में सिर्फ 18 लाख रुपये की कमाई की है। 21 अगस्त को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में रिलीज हुई इस फिल्म को सिनेमाघरों में दर्शक नहीं मिल रहे हैं। हिंदी वर्जन ने केवल 4 लाख और अंग्रेजी वर्जन ने 9 लाख रुपये का कारोबार किया है, जो काफी निराशाजनक है। बाकी के 5 लाख रुपये अन्य वर्जन (तमिल, तेलुगू, 3D या IMAX शो) से आए हैं।
अब तक की सबसे महंगी अरबी फिल्म है '7 डॉग्स'
इस फिल्म का निर्देशन आदिल अल अरबी और बिलल फल्लाह ने किया है। इसमें सलमान खान और संजय दत्त के साथ अहमद एज, करीम अब्देल अजीज, मोनिका बेलुची और जियानकार्लो एस्पोसिटो जैसे कई बड़े कलाकार हैं। लगभग 400 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में बनी ये अब तक की सबसे महंगी अरबी फिल्म है।
कहानी एक इंटरपोल ऑफिसर और एक अपराधी की है, जो एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गैंग को खत्म करने के लिए साथ आते हैं। ये फिल्म अरब देशों में मई में ही रिलीज हो चुकी थी, लेकिन भारतीय दर्शकों के बीच ये कोई कमाल नहीं दिखा पाई है।