सैफ अली खान की 'कर्तव्य' की रिलीज तारीख आई, 3 साल की देरी के बाद इस दिन नेटफ्लिक्स पर देगी दस्तक
सैफ अली खान के प्रशंसकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से अटकी हुई उनकी फिल्म 'कर्तव्य' अब आखिरकार अपनी रिलीज के लिए तैयार है। तीन साल की लंबी देरी के बाद यह फिल्म 15 मई 2026 को सीधे OTT प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम की जाएगी।
पुलकित के निर्देशन में बनी इस फिल्म की सबसे खास बात यह है कि इसे शाहरुख खान के प्रोडक्शन हाउस 'रेड चिलीज एंटरटेनमेंट' के बैनर तले बनाया गया है।
खाकी वर्दी में सैफ की वापसी
देश के भीतरी इलाकों की पृष्ठभूमि पर आधारित 'कर्तव्य' में सैफ अली खान एक ऐसे पुलिस अधिकारी की भूमिका में हैं, जो अपनी नौकरी और परिवार को बचाने के संघर्ष में फंसा है। 'सेक्रेड गेम्स' के करीब सात साल बाद सैफ एक बार फिर खाकी वर्दी में वापसी कर रहे हैं। हाल ही में फिल्म 'ज्वैल थीफ' में अपनी अदाकारी का लोहा मनवा चुके सैफ के साथ इस फिल्म में रसिका दुगल, संजय मिश्रा, सौरभ द्विवेदी, जाकिर हुसैन और मनीष चौधरी जैसे दिग्गज कलाकार भी नजर आएंगे।