सैफ अली खान की दो टूक- रात 11 बजे घर पहुंचना कोई जिंदगी नहीं, अब बच्चों के लिए वक्त जरूरी
सैफ अली खान अब अपनी काम करने की आदतों को बदल रहे हैं। इंडिया टुडे से बातचीत में सैफ ने माना कि फिल्म इंडस्ट्री के लंबे काम के घंटे अब उन्हें परेशान करने लगे हैं। उन्होंने कहा, "9 से 9 की शिफ्ट का मतलब है कि आप रात 11 बजे घर पहुंचते हैं। मुझे नहीं लगता कि यह कोई जिंदगी है।"
सैफ अब काम के बजाय घर पर अपने बच्चों के साथ समय बिताने को प्राथमिकता दे रहे हैं और इसके लिए वे अपने बिजी शेड्यूल में भी बड़े बदलाव करने को तैयार हैं।
'बाहर चाहे कितनी भी मुश्किलें हों, अपना परिवार मजबूत रखें"
सैफ ने परिवार की तुलना एक 'बेस कैंप' से की है, जिसे काम पर चाहे कितनी भी मुश्किलें आएं, हमेशा मजबूत रखना पड़ता है। उन्होंने अपनी आने वाली नेटफ्लिक्स क्राइम थ्रिलर 'कर्तव्य' (15 मई को आ रहा है) के बारे में भी बताया, जो कर्तव्य और परिवार के बीच के उलझे हुए तालमेल पर आधारित है। ये एक ऐसा विषय है, जिससे वो अभी खुद को गहराई से जोड़ पा रहे हैं।