सायी मानजरेकर और राघव जुयाल की जोड़ी 'इकाई' में मचाएगी धमाल, जानें क्या है फिल्म की कहानी?
अभिनेत्री सायी मानजरेकर और राघव जुयाल इन दिनों अपनी नई फिल्म 'इकाई' की शूटिंग में व्यस्त हैं।
राज सिंह चौधरी इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं और विकास बहल इसके निर्माता हैं। फिल्म साल 2027 में रिलीज होने वाली है।
अभी तक फिल्म की कहानी के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिली है, लेकिन बताया जा रहा है कि यह एक जज्बाती ड्रामा है, जो मुख्य कलाकारों को अपनी अभिनय क्षमता साबित करने का भरपूर मौका देगा।
सायी ने अपनी भूमिका के बारे में कही यह बात
सायी ने बताया कि 'इकाई' में काम करना उनके करियर का सबसे मुश्किल और चुनौतीपूर्ण अनुभव रहा है। फिल्म के कुछ दृश्यों में उन्हें बेबाकी और जज्बाती गहराई दिखानी पड़ी।
उन्होंने आगे कहा, 'इस प्रक्रिया के दौरान कई बार मुझे खुद को अपने सहज दायरे से बाहर निकालना पड़ा, क्योंकि कुछ दृश्यों के लिए जैसी भावनाएं चाहिए थीं, वे बहुत ही असली और तीखी थीं।'
उन्होंने यह भी बताया कि इस फिल्म से उन्हें अपने अभिनय के नए पहलू जानने को मिले हैं। वह दर्शकों को पर्दे पर अपना यह भावुक और बेबाक अंदाज दिखाने के लिए काफी उत्साहित हैं।