Page Loader
ऑस्कर 2023 के लिए शॉर्टलिस्ट हुई 'RRR' और 'छेल्लो शो'
ऑस्कर के लिए भारत की तरफ से शॉर्टलिस्ट हुई 'RRR' और 'छेल्लो शो

ऑस्कर 2023 के लिए शॉर्टलिस्ट हुई 'RRR' और 'छेल्लो शो'

Dec 22, 2022
11:07 am

क्या है खबर?

फिल्म इंडस्ट्री के सबसे बड़े पुरस्कार 95वें ऑस्कर पुरस्कारों के लिए शॉर्टलिस्ट फिल्मों के नाम की घोषणा हो गई है। ऑस्कर पुरस्कार जीतने के लिए भारतीय फिल्म इंडस्ट्री ने अपनी कमर कस ली है। इस बार ऑस्कर में नुमाइंदगी करने के लिए भारत से दो फिल्मों 'RRR' और 'छेल्लो शो' (लास्ट फिल्म शो) को शॉर्टलिस्ट किया गया है। भारत से चुनी गईं इन फिल्मों को आधिकारिक एंट्री के तौर पर ऑस्कर भेजा जाएगा। आइए जानते हैं क्या जानकारी मिली है।

उपलब्धि 

'छेल्लो शो' के साथ पाकिस्तानी फिल्म भी शामिल

'छेल्लो शो' ऑस्कर में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि थी, जिसे अब बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म श्रेणी में शामिल कर लिया गया है। इस श्रेणी में 'अर्जेंटीना 1985', 'द क्वाइट गर्ल' और 'द ब्लू काफ्तान' जैसी फिल्में भी शॉर्टलिस्ट हुई हैं। इस बार ऑस्कर में एक और खास चीज है। यह पहली बार है, जब पाकिस्तान की किसी फिल्म को ऑस्कर में एंट्री मिली है। पाकिस्तानी फिल्म 'जॉयलैंड' को भी बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म श्रेणी में शामिल किया गया है।

फिल्म 

जानिए फिल्म 'छेल्लो शो' के बारे में

इस फिल्म के निर्देशक पान नलिन तो निर्माता सिद्धार्थ रॉय कपूर हैं। फिल्म में भाविन राबरी, भावेश श्रीमाली, ऋचा मीणा और दीपेन रावल लीड रोल में हैं। छेल्लो शो' का प्रीमियर 10 जून, 2021 को 20वें त्रिबेका फिल्म फेस्टिवल में हुआ था और इस फिल्म फेस्टिवल में जाने वाली यह पहली गुजराती फिल्म थी। मासूमियत, वास्तविकता और अलहदा तकनीक से सजी इस फिल्म की कहानी ने दुनियाभर के दर्शकों का दिल छू लिया। फिल्म नेटफ्लिक्स पर मौजूद है।

परिणाम 

रंग लाई राजामौली की मेहनत

'RRR' ने 'नाटू नाटू' के लिए 'म्यूजिक (ओरिजिनल सॉन्ग)' श्रेणी में अपनी जगह बनाई है। निर्देशक एसएस राजामौली ने अपनी फिल्म 'RRR' को ऑस्कर में एंट्री दिलाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया था। इसे ऑस्कर की 'बेस्ट फीचर फिल्म' श्रेणी में नॉमिनेशन के लिए भेजा गया था, लेकिन किसी वजह से इसे तब नहीं चुना गया। इसके बाद निर्माताओं ने फिल्म को लेकर अभियान शुरू किया और फिल्म को 14 श्रेणियों में नॉमिनेशन के लिए आवेदन भेजा गया।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस 

'नाटू नाटू..' को राहुल सिप्लिगुंज और काल भैरव ने गाया है। इसका संगीत एमएम कीरावनी और बोल चंद्रबोस ने दिए हैं। इसे गोल्डन ग्लोब अवॉड्‌र्स 2022 में नॉमिनेशन मिल चुका है। यूट्यूब पर इस गाने को 20 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है।

शॉर्टलिस्ट 

'अवतार 2' को भी मिली जगह

बेस्ट ओरिजनल सॉन्ग श्रेणी में 15 गाने और चुने गए हैं। इसमें 'अवतार 2' का गाना 'नथिंग इज लॉस्ट' और 'ब्लैक पैंथर: वकांडा फोरएवर' का 'लिफ्ट मी अप' भी शामिल है। जेम्स कैमरून की फिल्म 'अवतार 2' फिलहाल बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। ऑस्कर पुरस्कारों की अलग-अलग श्रेणियों के लिए वोटिंग 12 जनवरी से 17 जनवरी, 2023 तक होगी। नॉमिनेशन की सूची 24 जनवरी को आएगी। ऑस्कर पुरस्कार 12 मार्च को लॉस एंजेलिस के डॉल्बी थिएटर में होंगे।