ऋषभ शेट्टी का 'द प्राइड ऑफ भारत' पर बड़ा दांव, 2 भागों में बनाने की तैयारी?
क्या है खबर?
कन्नड़ सिनेमा के सुपरस्टार ऋषभ शेट्टी को आखिरी बार 'कांतारा: चैप्टर 1' (2025) में देखा गया था। इन दिनों वह अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जय हनुमान' में भगवान हनुमान की भूमिका को लेकर व्यस्त है। अभिनेता एक और फिल्म 'द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज' में मुख्य किरदार निभाते हुए दिखेंगे। ताजा खबर है कि फिल्म का निर्माण 2 भागों में प्रसारित होने वाली एक नाटकीय श्रृंखला के रूप में किया जा रहा है।
बजट
'द प्राइड ऑफ भारत' पर पानी की तरह पैसा बहाएंगे अभिनेता
वैरायटी इंडिया के मुताबिक, निर्माताओं की ओर से 'द प्राइड ऑफ भारत' का दायरा बढ़ा दिया गया है। दरअसल, पहले इसे छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और विरासत पर आधारित एक ही फिल्म के रूप में घोषित किया गया था, लेकिन अब यह 2 भागों में आएगी। पहले भाग को 2028 में और दूसरे भाग को 2029 में रिलीज करने की योजना है। इसके बाद फिल्म का अनुमानित बजट 500 करोड़ रुपये से ज्यादा बताया जा रहा है।
शूटिंग
'जय हनुमान' के बाद शुरू हो जाएगा परियोजना पर काम
रिपोर्ट के अनुसार, ऋषभ, निर्देशक प्रशांत वर्मा की फिल्म 'जय हनुमान' की शूटिंग पूरी करने के बाद, 'द प्राइड ऑफ भारत' में जुट जाएंगे। इसकी शूटिंग का एक बड़ा हिस्सा महाराष्ट्र में फिल्माया जाएगा। फिल्म के निर्देशन की कमान संदीप सिंह ने संभाली है। दिसंबर, 2024 में निर्माताओं ने फिल्म से ऋषभ का पहला लुक जारी किया था, जिसमें वह छत्रपति के रूप में नजर आए थे। तब से फैंस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।