Loading...
ऋचा चड्ढा का OTT के बाद अब यूट्यूब पर जलवा, 'मुसाफिरी' के साथ नया सफर शुरू
ऋचा चड्ढा ने किया अपने नए ट्रैवल शो का ऐलान

ऋचा चड्ढा का OTT के बाद अब यूट्यूब पर जलवा, 'मुसाफिरी' के साथ नया सफर शुरू

Jul 29, 2026
02:15 pm

क्या है खबर?

'गर्ल्स विल बी गर्ल्स' से बतौर निर्माता वाहवाही बटोरने के बाद अभिनेत्री ऋचा चड्ढा अब अपने एक नए प्रोजेक्ट के साथ तैयार हैं। ऋचा अपने प्रोडक्शन हाउस 'पुशिंग बटन स्टूडियोज' के तहत एक नई नॉन-फिक्शन सीरीज 'मुसाफिरी' लेकर आ रही हैं। सफर, जीवन के अनुभवों और अनकही कहानियों को समेटने वाली उनकी ये सीरीज इसी साल अगस्त में उनके यूट्यूब चैनल पर रिलीज की जाएगी। आइए जानें ऋचा ने इस बारे में क्या कहा।

कहानी

एक उत्सुक मुसाफिर की नजरों से दुनिया दिखाएंगी ऋचा 

एक ट्रैवल सीरीज के रूप में तैयार की गई 'मुसाफिरी' में आपको यात्रा, संस्कृति और दिलचस्प बातचीत का एक अनोखा संगम देखने को मिलेगा।

इसमें ऋचा खुद अलग-अलग खूबसूरत जगहों की सैर करती नजर आएंगी, जहां वो वहां की कहानियों, इतिहास, परंपराओं और स्थानीय लोगों की जिंदगी को करीब से तलाशेंगी।

'मुसाफिरी' का मकसद दर्शकों को मनोरंजन के साथ-साथ नई जानकारी देना और एक उत्सुक मुसाफिर की नजरों से दुनिया को देखने का एक नया नजरिया पेश करना है।

बयान

सिर्फ जगहों पर टिक लगाना सफर नहीं- ऋचा

अपनी सीरीज पर ऋचा ने कहा, "सफर ने मुझे हमेशा रुकने, चीजों को गहराई से देखने और सीखने का मौका दिया है। 'मुसाफिरी' के जरिए मैं कुछ ऐसा बनाना चाहती थी, जो सिर्फ जगहों की सूची पर टिक लगाने तक सीमित न रहे। हर जगह की अपनी एक लय, इतिहास और लोग होते हैं, जिन्हें अक्सर आम ट्रैवल कंटेंट में उतनी जगह नहीं मिल पाती। ये सीरीज इन्हीं परतों को धीरे-धीरे महसूस करने और अनुभव करने के बारे में है।"

ADVERTISEMENT

उत्साह

'मुसाफिरी' को लेकर बेहद उत्साहित ऋचा

ऋचा बोलीं, "उम्मीद है कि दर्शक इसे देखकर न केवल अपनी अगली ट्रिप के नए विचार लेकर जाएंगे, बल्कि उन खूबसूरत जगहों और वहां रहने वाले लोगों के प्रति उनका नजरिया भी बदलेगा।"

सीरीज और बतौर निर्माता अपने मकसद पर बात कर ऋचा ने कहा, "मुझे ऐसी कहानियों को बढ़ावा देना पसंद है, जो अर्थपूर्ण हों, और 'मुसाफिरी' मेरी इसी सोच को दर्शाती है। मैं इस खास सफर को आप सभी के साथ साझा करने के लिए बेहद उत्सुक हूं।"

ADVERTISEMENT

सफरनामा

ऋचा ने इंडस्ट्री में पूरे किए 18 साल

बता दें कि प्रीति पाणिग्रही और कानी कुसरुति अभिनीत फिल्म 'गर्ल्स विल बी गर्ल्स' का प्रीमियर सनडांस फिल्म फेस्टिवल में हुआ था और इसने उस साल का इंडिपेंडेंट स्पिरिट अवॉर्ड भी अपने नाम किया था।

ये फिल्म इस समय अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है। फिल्म इंडस्ट्री में इस साल 18 साल पूरे कर रहीं ऋचा चड्ढा को आखिरी बार संजय लीला भंसाली की नेटफ्लिक्स पर आई वेब सीरीज 'हीरामंडी' में देखा गया था।

ADVERTISEMENT