रेसिडेंट एविल ने मचाई धूम, भारत में पहले वीकेंड में कमाए 11.3 करोड़
नई 'रेसिडेंट एविल' फिल्म ने भारत में अपने पहले वीकेंड पर जबरदस्त शुरुआत की है और 11.3 करोड़ रुपये की कमाई की है।
फिल्म ने शुक्रवार को 3.1 करोड़ रुपये (प्रीव्यू शो सहित) से शुरुआत की। शनिवार को इसने अच्छी खासी उछाल दर्ज की और 4.1 करोड़ रुपये कमाए और रविवार को भी इतनी ही कमाई हुई।
इस कमाई के साथ, यह फिल्म इस साल भारत में सफल हॉलीवुड रिलीज फिल्मों में शामिल हो गई है। हालांकि, फिल्म की चर्चा को देखते हुए इसकी ग्रोथ और ज्यादा हो सकती थी।
'रेसिडेंट एविल' की क्या है कहानी?
यह रीबूट ब्रायन नाम के एक मेडिकल कूरियर की कहानी है, जो रैकून सिटी में फैले एक खतरनाक वायरस के प्रकोप के बीच फंस जाता है।
फिल्म में 'रेसिडेंट एविल 2' गेम जैसा माहौल और कहानी दिखती है। ब्रायन को एक संवेदनशील मेडिकल सामान रैकून सिटी जनरल अस्पताल तक पहुंचाना होता है, जिसके लिए वह समय से पहले वहां पहुंचने की कोशिश करता है।
जैक क्रेगर ने इस फिल्म का निर्देशन किया है। ऑस्टिन एब्राम्स, जैक चेरी और काली रीस जैसे कलाकार इसमें मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म पुरानी और नई पीढ़ी के फैंस के लिए फ्रेंचाइजी का दूसरा रीबूट है।