
बेंगलुरू कॉन्सर्ट विवाद में गायक सोनू निगम को राहत, जानिए क्या है पूरा मामला
क्या है खबर?
इन दिनों सोनू निगम विवादों से घिए हुए हैं। दरअसल, उन्होंने एक कॉन्सर्ट में प्रशंसक की कन्नड़ गाने की मांग को पहलगाम की आतंकी घटना से जोड़ दिया था, जिसके बाद बवाल खड़ा हो गया।
कन्नड़ समुदाय निगम से बुरी तरह नाराज है और उन्हें कन्नड़ सिनेमा में बैन तक कर दिया गया है।
बढ़ते मामले को देखते हुए निगम ने कर्नाटक हाई कोर्ट का रुख किया और अब आखिरकार गायक ने राहत की सांस ली है।
फैसला
निगम के खिलाफ नहीं होगी दंडात्मक कार्रवाई
हाई कोर्ट ने निगम को उस कथित टिप्पणी मामले में राहत दी है, जिसमें उन्होंने कन्नड़ लोगों की तुलना पहलगाम हमलावरों से की थी।
उच्च न्यायालय ने गायक के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने का आदेश दिया है।
निगम ने अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक मामले को रद्द करनी की मांग की थी, लेकिन न्यायालय ने उन्हें जांच में सहयोग करने को कहा है।
बता दें कि निगम पहले ही इस मामले में लंबा-चौड़ा नोट लिख माफी मांग चुके हैं।
मामला
क्यों हो रहा विवाद?
कुछ दिन पहले निगम बेंगलुरु के ईस्ट पॉइंट इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित एक शो में गए थे, जहां उन्होंने मंच पर हिंदी भाषा में गाना गाना शुरू किया, तभी एक फैन भड़कते हुए जोर-जोर से कन्नड़-कन्नड़ चिल्लाने लगा।
निगम ने गाना बीच में रोका और कहा कि इसलिए पहलगाम जैसी घटनाएं होती हैं।
निगम के इस बयान से इतना विवाद खड़ा हो गया कि कन्नड़ समुदाय की भावनाओं को आहत करने के आरोप में उनके खिलाफ FIR दर्ज हो गई।
बैन
कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री सोनू पर लगा चुकी है बैन
बीते 5 मई को कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स की एक बैठक हुई, जिसमें सोनू को बैन करने का फैसला लिया गया।
बैठक में तय हुआ कि जब तक सोनू इस मुद्दे पर माफी नहीं मांग लेते, उन्हें कन्नड़ इंडस्ट्री में कोई काम नहीं दिया जाएगा। सोशल मीडिया पर माफी मांगने के बावजूद कन्नड़ समुदाय ने उनके प्रति नरमी नहीं दिखाई है।
इतना ही नहीं, आने वाली एक कन्नड़ फिल्म से उनके गाने तक को हटा दिया गया है।