नेटफ्लिक्स पर रवि तेजा का राज, दुनियाभर के दर्शकों पर चढ़ा 'इरुमुडी' का खुमार
क्या है खबर?
'मास महाराजा' रवि तेजा की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'इरुमुडी' ने सिनेमाघरों में रिकॉर्डतोड़ कमाई करने के बाद अब OTT पर भी अपना जलवा बिखेरा है। शिवा निर्वाणा के निर्देशन में बनी ये फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होते ही ग्लोबल टॉप-10 गैर अंग्रेजी फिल्मों की सूची में नंबर-1 पर पहुंच गई है। फिल्म की कहानी पिता और बेटी के मजबूत रिश्ते पर आधारित है। इसमें रवि तेजा की दमदार एक्टिंग और भावुक अंदाज को दुनियाभर के दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं।
व्यूज
नेटफ्लिक्स पर 34 लाख व्यूज के साथ रचा इतिहास
रवि तेजा की एक्शन-ड्रामा फिल्म 'इरुमुडी' सिनेमाघरों के बाद अब OTT पर भी अपना परचम लहरा रही है।
21-27 सितंबर, 2026 के नेटफ्लिक्स ग्लोबल टॉप-10 चार्ट्स के अनुसार, इस तेलुगू ब्लॉकबस्टर ने गैर-अंग्रेजी फिल्मों की श्रेणी में दुनियाभर में पहला स्थान हासिल कर लिया है।
महज 7 दिनों के भीतर फिल्म को 34 लाख व्यूज मिले, जिसके दम पर ये ग्लोबल OTT प्लेटफॉर्म पर नंबर-1 बनकर उभरी है।
स्थान
'इरुमुडी' नंबर-1 पर तो 'मोधा राथिरि' बनी नंबर-2
21 अगस्त को सिनेमाघरों में टकराने के बाद रवि तेजा की फिल्म 'इरुमुडी' और ऋषिकांत की तमिल फिल्म 'मोधा राथिरि' ने OTT पर भी अपना मुकाबला जारी रखा।'
18 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर एक साथ रिलीज हुई इन दोनों फिल्मों ने ग्लोबल नॉन-इंग्लिश मूवी चार्ट्स पर कब्जा जमा लिया है।
जहां 'इरुमुडी' ने इस रेस में बाजी मारते हुए पहला स्थान हासिल किया, वहीं 'मोधा राथिरि' 29 लाख व्यूज के साथ दूसरे स्थान पर रही।
पायदान
रवि तेजा ने छीनी सूर्या की गद्दी
नेटफ्लिक्स ग्लोबल नॉन-इंग्लिश चार्ट में सूर्या की फिल्म 'विश्वनाथ एंड संस' 5वें, जबकि हिंदी फिल्में 'लस्ट स्टोरीज 3', 'बेबी डू डाई डू' और 'गांधारी' क्रमशः 6वें, 7वें और 9वें स्थान पर रहीं।
पिछले हफ्ते 58 लाख व्यूज के साथ 'विश्वनाथ एंड संस' इस चार्ट पर पहले नंबर-1 पर थी, जबकि 'इरुमुडी' तीसरे और 'मोधा राथिरि' 7वें पायदान पर मौजूद थी।
अब OTT जगत में रवि तेजा ने सूर्या का दबदबा खत्म कर नंबर-1 का ताज अपने नाम कर लिया है।
कमाई
'इरुमुडी' ने बॉक्स ऑफिस पर की शानदार कमाई
मैत्री मूवी मेकर्स के निर्माण और टी-सीरीज के बैनर तले बनी 'इरुमुडी' में रवि तेजा, प्रिया भवानी शंकर, साई कुमार और नक्षत्र मुख्य भूमिकाओं में हैं।
ये कहानी एक शराबी पिता की है, जो अयप्पा दीक्षा लेता है, लेकिन भक्ति के दौरान उसे गांव में बाल यौन शोषण की भयानक सच्चाई का पता चलता है।
करीब 50 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 244.97 करोड़ की शानदार कमाई की।