'मालामाल वीकली 2' में बड़ा धमाका, रवीना टंडन और परिणीति चोपड़ा मिलकर लगाएंगी हंसी का तड़का
क्या है खबर?
निर्देशक प्रियदर्शन की सुपरहिट कॉमेडी फिल्म 'मालामाल वीकली' के सीक्वल को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। 'मालामाल वीकली 2' में इस बार रवीना टंडन और परिणीति चोपड़ा की जोड़ी धमाल मचाने आ रही है। दोनों अभिनेत्रियां पहली बार एक साथ स्क्रीन शेयर करेंगी और दर्शकों को हंसी का डबल डोज देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। फिल्म की स्टारकास्ट में इन 2 हसीनाओं के जुड़ने से प्रशंसकों के बीच उत्सुकता और बढ़ गई है।
रजामंदी
कहानी सुनते ही रवीना और परिणीति ने तुरंत साइन की फिल्म
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, रवीना टंडन और परिणीति चोपड़ा फिल्म 'मालामाल वीकली 2' की स्टारकास्ट में शामिल हो गई हैं।
एक सूत्र ने बताया, "स्क्रिप्ट की मांग के हिसाब से ये दोनों अभिनेत्रियां एकदम सही हैं। इसलिए निर्माता इन्हें फिल्म में लेने के लिए काफी उत्सुक थे। खास बात ये है कि रवीना और परिणीति दोनों को ही फिल्म की कहानी और अपने किरदार बहुत पसंद आए। उन्होंने तुरंत ही इस फिल्म को साइन कर लिया।"
कॉमेडी का धमाका
कॉमेडी की 2 महारथी एक साथ
सूत्र ने आगे कहा, "दोनों ही अभिनेत्रियां बेहद प्रतिभाशाली हैं और उनकी कॉमिक टाइमिंग कमाल की है। रवीना ने 1990 के दशक में आई कई कॉमेडी फिल्मों के साथ-साथ हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' से भी अपनी काबिलियत साबित की है। उधर परिणीति ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म 'लेडीज वर्सेस रिकी बहल' में एक कॉमेडी और प्यारे किरदार से की थी। ऐसे में उम्मीद है कि दोनों 'मालामाल वीकली 2' में जबरदस्त धमाल मचाएंगी।"
स्टारकास्ट
परेश रावल की भी हुई एंट्री, 'मालामाल वीकली 2' में दिखेगी सितारों की बड़ी फौज
रवीना और परिणीति के अलावा, परेश रावल के नाम पर भी इस फिल्म के लिए मोहर लग चुकी है। निर्माता अब अन्य प्रमुख भूमिकाओं के लिए बॉलीवुड के जाने-माने कलाकारों को कास्ट करने की तैयारी में हैं।
इससे पहले खबर आई थी कि 'मालामाल वीकली 2' पर काम कर रही टीम को एक शानदार आइडिया मिला है, जो इस सीरीज के दूसरे भाग के लिए बिल्कुल परफेक्ट है। ये पहला भाग की सीधी सीक्वल नहीं होगी।
कमाई
बिना बड़े सुपरस्टार के सुपरहिट हुई थी 'मालामाल वीकली'
बॉलीवुड के इतिहास में ऐसी कई फिल्में रही हैं, जिन्होंने बिना किसी बड़े सुपरस्टार के भी बॉक्स ऑफिस पर पैसों की बारिश कर दी।
साल 2006 में रिलीज हुई 'मालामाल वीकली' भी उन्हीं चुनिंदा फिल्मों में से एक है। 7 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 42 करोड़ रुपये कमाए थे।
छोटे बजट और दमदार कलाकारों (जैसे परेश रावल, ओम पुरी और रितेश देशमुख) के दम पर ये एक कालजयी फिल्म बन गई।