रश्मिका मंदाना हुईं गंभीर रूप से चोटिल, 6 हफ्ते के लिए बेड रेस्ट पर गईं अभिनेत्री
क्या है खबर?
फिल्म इंडस्ट्री में शूटिंग के दौरान कलाकारों के चोटिल होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। हाल ही में जूनियर एनटीआर, राम चरण और बालकृष्ण के घायल होने के बाद अब रश्मिका मंदाना के चोटिल होने की खबर सामने आ रही है। अपनी आगामी फिल्म के सेट पर वो एक गंभीर हादसे का शिकार हो गईं, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें काम से ब्रेक लेकर पूरी तरह आराम करने की सलाह दी है। इस खबर से फैंस काफी चिंतित हैं।
हादसा
डांस रिहर्सल के दौरान पैर फिसला, कूल्हे की हड्डी में फ्रैक्चर
रश्मिका फिल्म 'मैसा' के सबसे खास और मुख्य डांस सीक्वेंस के लिए जमकर प्रैक्टिस कर रही थीं। हैदराबाद में पिछले कुछ दिनों से एक मशहूर कोरियोग्राफर की देखरेख में इस गाने का रिहर्सल चल रहा था।
हालांकि, 31 जुलाई को डांस प्रैक्टिस के दौरान पैर फिसलने की वजह से उनके कूल्हे में गंभीर चोट लग गई। कूल्हे की हड्डी फ्रैक्चर होने के कारण वो मौके पर ही हिलने-डुलने में असमर्थ हो गईं। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
चोट
डॉक्टरों ने बताया चोट को गंभीर
अस्पताल में एक्स-रे और स्कैन के बाद डॉक्टरों ने रश्मिका की चोट को काफी गंभीर बताया है।
उनकी पीआर टीम के मुताबिक, जांघ की मांसपेशी को हड्डी से जोड़ने वाली नस (टेंडन) खिंचकर पूरी तरह अलग हो गई है।
डॉक्टरों का कहना है कि ऐसी चोटें आमतौर पर खिलाड़ियों को ही लगती हैं। इसे ठीक करने के लिए रश्मिका को कम से कम 6 हफ्ते का बेड रेस्ट, फिजियोथेरेपी और थेरेपी की सख्त जरूरत है।
फिल्में
'मैसा' और 'राणाबाली' समेत 4 फिल्मों का काम रुका
रश्मिका हाल ही में फिल्म 'द गर्लफ्रेंड' और 'कॉकटेल 2' में नजर आई थीं। फिलहाल वो 'मैसा' और 'राणाबाली' समेत 4 फिल्मों में काम कर रही हैं।
इसके अलावा रश्मिका 30 से भी ज्यादा ब्रांड्स का विज्ञापन भी करती हैं। डॉक्टरों द्वारा 6 हफ्ते के बेड रेस्ट की सलाह मिलने की वजह से अभिनेत्री अब फिल्मों और विज्ञापनों की शूटिंग से दूर रहेंगी।
इस खबर के बाद से फैंस उनके जल्द से जल्द ठीक होने की दुआएं कर रहे हैं।