रश्मिका मंदाना मां के ऑडियो लीक पर भड़कीं- 8 साल चुप रही, अब और रियायत नहीं
क्या है खबर?
अभिनेत्री रश्मिका मंदाना एक बार फिर साइबर अपराध का शिकार हुई हैं। सोशल मीडिया पर उनकी मां का एक कथित ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद रश्मिका ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने इस क्लिप को पूरी तरह से फर्जी और भ्रामक बताते हुए कहा कि वो अब चुप नहीं बैठेंगी। रश्मिका ने स्पष्ट कर दिया है कि उनके परिवार की गरिमा को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ वो सख्त कानूनी कदम उठाने जा रही हैं।
ऑडियोट
8 साल पुराना निजी ऑडियो वायरल होने पर गुस्साईं रश्मिका
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर रश्मिका की मां का एक ऑडियो क्लिप तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि ये रिकॉर्डिंग करीब 8 साल पुरानी है, जो रश्मिका के पिछले रिश्ते (रक्षित शेट्टी के साथ) के समय की है। बिना अनुमति के इस निजी बातचीत को सार्वजनिक किए जाने पर अभिनेत्री ने गहरा दुख और गुस्सा जताया है। विवाद बढ़ने के बाद रश्मिका ने इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी किया है।
नाराजगी
"लोग किस हद तक गिर सकते हैं?"
रश्मिका ने लिखा, "8 साल पुरानी एक निजी बातचीत को शामिल लोगों की जानकारी या सहमति के बिना रिकॉर्ड और प्रसारित किया गया प्रतीत होता है। उस बातचीत के एक छोटे से हिस्से को अब जानबूझकर संदर्भ से बाहर निकाला गया है और एक और असहज विवाद पैदा करने के लिए व्यापक रूप से फैलाया जा रहा है, जो रणनीतिक रूप से मेरे निजी जीवन के हालिया घटनाक्रमों के साथ मेल खाता है। लोग किस हद तक गिर सकते हैं?'
उल्लंघन
रश्मिका ने वायरल ऑडियो को बताया निजता का गंभीर उल्लंघन
रश्मिका ने आगे लिखा, 'ऐसा करके उन्होंने मेरे परिवार के साथ-साथ उन लोगों को भी घसीटा है, जिनके साथ मेरे सौहार्दपूर्ण संबंध हैं, जिनका इस मामले से बिल्कुल कोई लेना-देना नहीं है और उन्हें असहज स्थिति में डाल दिया है।' उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि ये सब लंबे समय से चल रहा है। रश्मिका ने लिखा, 'ये निजता का गंभीर उल्लंघन है और भ्रामक व अपमानजनक सामग्री का प्रसार है।'
चेतावनी
नफरत फैलाने वालों के खिलाफ अब चुप नहीं रहेंगी रश्मिका
अभिनेत्री ने लिखा, 'जब हम जीवन में आगे बढ़ते हैं, विकास करते हैं, सार्थक काम करते हैं, सकारात्मकता फैलाते हैं तो ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग दूसरे व्यक्ति की गरिमा और शांति की कीमत पर नफरत और विवाद पैदा करना जारी रखते हैं। 8 साल तक मुझ पर हमला किया गया, मैं चुप रही। आज जब दूसरों को भी इसमें घसीटा जा रहा है तो मैं चुप नहीं रह सकती। मैंने अब लक्ष्मण रेखा खींचने का फैसला किया है।'
अल्टीमेटम
ऑडियो फैलाने वालों के पास सिर्फ 24 घंटे
रश्मिका ने फर्जी और निजी ऑडियो फैलाने वालों को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि अगर ये कंटेंट इंटरनेट से नहीं हटाया गया तो कल से वो कानूनी कार्रवाई शुरू कर देंगी। इस कार्रवाई के दायरे में इसे शेयर करने वाले आम लोग, इन्फ्लुएंसर्स, डिजिटल प्लेटफॉर्म और मीडिया संस्थान सभी शामिल होंगे। रश्मिका ने स्पष्ट किया कि अपनी निजता बचाने के लिए अब यह सख्त कदम उठाना अनिवार्य हो गया है।