रश्मिका मंदाना पर बड़ा दांव, पहली बार बायोपिक में निभा सकती हैं ये किरदार
क्या है खबर?
रश्मिका मंदाना की कामकाजी जिंदगी से जुड़ा एक बड़ा अपडेट आया है। खबर है कि वह पहली बार बायोपिक में दिखेंगी और मशहूर गायिका एमएस सुब्बुलक्ष्मी का किरदार निभा सकती हैं। इसके निर्देशन की कमान गौतम तिन्ननुरी पर है, जिन्हें शाहिद कपूर की फिल्म 'जर्सी' (2022) के लिए जाना जाता है। इस खबर ने रश्मिका के फैंस का उत्साह बढ़ा दिया है। बता दें, सुब्बुलक्ष्मी कर्नाटक संगीत जगत की महान गायिका थीं। दिसंबर, 2004 में उनका निधन हाे गया था।
लुक टेस्ट
एमएस सुब्बुलक्ष्मी के किरदार में दिखेंगी रश्मिका मंदाना
123 तेलुगु के अनुसार, रश्मिका को बायोपिक में मशहूर गायिका का किरदार निभाने के लिए चुना गया है। यह भी पता चला है कि हाल ही में अभिनेत्री के घर पर लुक टेस्ट का आयोजन किया गया था। पहले खबर आई थी कि फिल्म में सुब्बुलक्ष्मी के किरदार के लिए साई पल्लवी का नाम तय किया गया है। फिर खबर आई कि साई की जगह रुक्मिणी वसंत को चुन लिया गया है और अब रश्मिका का नाम सामने आया है।
तैयारी
साल के अंत में शूटिंग शुरू होने की चर्चा
रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म की शूटिंग इस साल के अंत में शुरू हो सकती है, लेकिन यह भी ध्यान देने वाली बात है कि फिलहाल फिल्म को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। फिलहाल रश्मिका अपनी आने वाली फिल्म 'कॉकटेल 2' को लेकर चर्चा में हैं। यह एक रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा है, जिसमें उनके साथ शाहिद और कृति सैनन भी नजर आएंगे। होमी अदजानिया द्वारा निर्देशित यह फिल्म 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।