रैप स्नूप डॉग की कहानी अब बड़े पर्दे पर दिखेगी, बायोपिक की रिलीज तारीख का ऐलान
क्या है खबर?
मशहूर अमेरिकी रैपर स्नूप डॉग की जिंदगी पर बायोपिक बन रही है, जिसे 'स्नूप' नाम दिया गया है। इसके निर्देशन की कमान क्रेग ब्रेवर ने संभाली है, जबकि स्नूप का किरदार जोनाथन डेविस निभाएंगे। यूनिवर्सल पिक्चर्स द्वारा निर्मित इस बायोपिक की रिलीज तारीख का ऐलान भी कर दिया गया है। निर्माताओं ने फिल्म से जुड़ी ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं की है, लेकिन बताया जा रहा है कि इसमें स्नूप के रैपर से वैश्विक आइकन बनने तक का सफर दिखाया जाएगा।
टक्कर
डिज्नी की फिल्मों के साथ हो सकता है मुकाबला
वैरायटी की रिपोर्ट के मुताबिक, 'स्नूप' में रैपर के बड़े हिट गाने 'जिन एंड जूस' और 'नथिंग बट अ जी थैंग' शामिल हैं। यूनिवर्सल पिक्चर्स इसे 6 अगस्त, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज करेगी।
उसी दिन डिज्नी की अन्य 2 फिल्में, 'द ब्लूई मूवी' और ब्लैक बेयर की 'जेसन स्टैथम स्टोल माई बाइक' भी रिलीज हो रही हैं।
अगर रिलीज की तारीखों में बदलाव नहीं होता है, तो तीनों फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा।
परिचय
जानिए रैपर स्नूप के बारे में
रैपर का असली नाम कैल्विन कॉर्डोजर ब्रॉडस जूनियर है, जो अमेरिका के मशहूर रैपर, गीतकार, अभिनेता व व्यवसायी हैं।
उन्हें 'वेस्ट कोस्ट हिप-हॉप' और 'गैंगस्टा रैप' को दुनियाभर में लोकप्रिय बनाने का श्रेय दिया जाता है।
स्नूप ने अपने करियर की शुरुआत 1992 में रैपर डॉ. ड्रे के गाने 'डीप कवर' से की थी। फिर वह उनकी ऐतिहासिक एल्बम 'द क्रॉनिक' का हिस्सा बने और रातों-रात मशहूर हो गए।
स्नूप ने अपनी पहली एल्बम 'Doggystyle' 1993 में रिलीज की थी।