रैपर शेंटी शर्मा का यूट्यूब चैनल डिलीट, क्या CJP के खिलाफ टिप्पणी से जुड़ा है संबंध?
क्या है खबर?
रैपर और डिजिटल क्रिएटर शेंटी शर्मा को बड़ा झटका लगा है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) पर टिप्पणी करने के बाद, उनका करीब 11 साल पुराना यूट्यूब चैनल डिलीट हो गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इस बात की जानकारी दी। शेंटी ने निराशा व्यक्त करते हुए बताया कि उनका चैनल स्थायी रूप से डिलीट किया गया है और उसे अब बहाल नहीं किया जाएगा। हालांकि, यूट्यूब ने चैनल हटाने का सटीक कारण अभी नहीं बताया है।
पोस्ट
11 साल के सपने, मेहनत और अनगिनत घंटों की मेहनत बर्बाद
रैपर ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'मेरा चैनल सिर्फ एक प्लेटफॉर्म नहीं था, बल्कि 11 साल के सपने, संघर्ष, यादों और अनगिनत घंटों की मेहनत का प्रतीक था।'
उन्होंने आगे लिखा, 'CJP के संबंध में मेरे बयान के बाद, मुझे नफरत भरे मैसेज मिले, मेरा मानना है कि मेरा चैनल उस राजनीति का शिकार हाे गया। उन्होंने मेरा चैनल भले छीन लिया, लेकिन वे मेरी आवाज, मेरा जुनून या फिर से चैनल बनाने का मेरा दृढ़ संकल्प नहीं छीन सकते।'
टिप्पणी
CJP के खिलाफ क्या बोले थे रैपर?
हाल ही में, शेंटी ने CJP पर टिप्पणी करते हुए इसे 'इंटरनेट ड्रामा' बताया था।
उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा था, 'कॉकरोच जनता पार्टी' किसी गंभीर आंदोलन से ज्यादा इंटरनेट ड्रामा लगती है। आजकल, बहुत लोग ऐसे अभियानों को चलाने वाले लोगों की पृष्ठभूमि जाने बिना ट्रेंड्स को फॉलो करते हैं। इस तथाकथित CJP संस्थापक का कथित तौर पर आम आदमी पार्टी से जुड़ाव रहा है।'
पहले भी रैपर ने CJP की आलोचना करते हुए इसे "खतरनाक डिजिटल ट्रैप" बताया था।