Loading...
निर्देशक कुणाल कोहली अंतरराष्ट्रीय सिनेमा पर छोड़ेंगे छाप, 'ऑल अबाउट हर' के साथ मचाएंगे धमाल
कुणाल कोहली की पहली अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म

निर्देशक कुणाल कोहली अंतरराष्ट्रीय सिनेमा पर छोड़ेंगे छाप, 'ऑल अबाउट हर' के साथ मचाएंगे धमाल

Jul 20, 2026
11:05 am

क्या है खबर?

सैफ अली खान के साथ 'हम तुम' (2004) और आमिर खान के साथ 'फना' (2006) जैसी फिल्में बनाने वाले भारतीय निर्देशक कुणाल कोहली अंतरराष्ट्रीय फिल्मों की ओर कदम बढ़ाने को तैयार हैं। पिछले महीने जून में उन्होंने अपनी ब्रिटिश-अंग्रेजी फीचर फिल्म 'ऑल अबाउट हर' की शूटिंग पूरी की। इसमें हॉलीवुड अभिनेता निक सागर मुख्य किरदार में शामिल हैं, जिन्हें फिल्म 'द प्रिंसेस स्विच' फ्रेंचाइजी के लिए जाना जाता है। उनके साथ 'एमिली' से मशहूर हुईं अभिनेत्री अमेलिया गेथिंग शामिल हैं।

प्रेरणास्रोत

शेखर कपूर के नक्शेकदम पर चल रहे कुणाल

बॉम्बे टाइम्स से बातचीत में, निर्देशक ने अपनी फिल्म 'ऑल अबाउट हर' के बारे में बात की।

उन्होंने दिग्गज निर्देशक शेखर कपूर को अपना प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा, "एक अंग्रेजी फिल्म का निर्देशन करना और पूरी ब्रिटिश और अंतरराष्ट्रीय टीम के साथ काम करना मेरे जीवन का एक नया अध्याय है। शेखर कपूर हमेशा से मेरे प्रेरणास्रोत रहे हैं, और मुझे उम्मीद है कि इससे भारतीय फिल्मकारों के वैश्विक स्तर पर काम करने का चलन शुरू होगा।"

फिल्म

'ऑल अबाउट हर' के बारे में जानिए

उन्होंने आगे कहा, "हालांकि अंग्रेजी मेरी मातृभाषा नहीं है, लेकिन अंग्रेजी में फिल्म का निर्देशन करने का अनुभव बेहद संतोषजनक रहा है। ब्रिटिश कलाकारों और क्रू के साथ यूके में फिल्म की शूटिंग करने से मुझे रचनात्मक स्वतंत्रता का भरपूर लाभ मिला।"

बता दें, 'ऑल अबाउट हर' का निर्माण शीतल परब ने किया है। ये एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर है जिसमें प्यार, अपराधबोध और आत्म-विनाश के तत्व शामिल हैं।

फिलहाल फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन में है और इसकी रिलीज तारीख आना बाकी है।

ADVERTISEMENT