प्रिंस नरुला पर रैपर हिटजोन ने लगाया पैसे हड़पने का आरोप, सबूत दिखाकर खोली पोल
क्या है खबर?
अभिनेता और रियलिटी टीवी स्टार प्रिंस नरुला नए विवाद में फंस गए हैं। रैपर हिटजोन ने सोशल मीडिया पर उन पर पैसे न देने का आरोप लगाया है। रैपर का दावा है कि उन्होंने प्रिंस के 2 गानों को लिखने और उन पर काम करने में अपना योगदान दिया था, लेकिन इसके बदले उन्हें कोई भुगतान नहीं किया गया। अपने दावों को सच साबित करने के लिए रैपर ने सबूत के तौर पर कुछ वॉयस नोट्स भी साझा किए हैं।
आरोप
प्रिंस ने रोकी 2 गानों की पेमेंट
'हिटजाेन' और प्रिंस ने 'बैंग बैंग' गाने पर साथ काम किया था। रैपर ने प्रिंस पर इस गाने के साथ-साथ एक और गाने का भुगतान रोकने का आरोप लगाया है, जिसकी शूटिंग हो चुकी है। रैपर ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए वीडियो में कहा, "मैं पूछने आया हूं लोगों को कि क्या रैपर्स पैसा कमा पा रहे हैं? सॉरी, क्या रोडीज के जज पैसा कमा पा रहे हैं? अगर कमा पा रहे हैं तो आर्टिस्ट का हक क्यों खा रहे?"
शुरुआत
'बैंग बैंग' गाने से शुरू हुआ था विवाद
हिटजोन ने कहा कि विवाद की शुरुआत 'बैंग बैंग' गाने से हुई, जो 10 जून को प्रिंस के यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ था। रैपर के मुताबिक, उस समय प्रिंस फराह खान के शो 'द 50' में थे, जबकि वो 'द सोसाइटी' का हिस्सा थे। हिटजोन ने बताया कि शो के लिए रवाना होने से पहले उन्होंने अपने मैनेजर को प्रिंस की टीम से संपर्क कर गाने का भुगतान और अन्य जरूरी बातों पर चर्चा करने के निर्देश दिए थे।
दो टूक
"प्रिंस के शौक पूरे करने के लिए 5-8 लाख का कर्ज नहीं ले सकता"
हिटजोन ने आरोप लगाया कि पेमेंट की बात करने पर प्रिंस के मैनेजर ने शो से लौटने के बाद चर्चा करने का आश्वासन दिया था। कई गाने शामिल होने के चलते उन्होंने कुछ समय इंतजार भी किया। रैपर बोले, प्रिंस बड़े स्टार हैं। वो हाई-क्वालिटी म्यूजिक वीडियो चाहते थे, लेकिन पुराने गानों का भुगतान नहीं किया गया था। मैं छोटा कलाकार हूं और किसी के शौक पूरे करने के लिए 5 से 8 लाख रुपये का कर्ज नहीं ले सकता।"
दावा
मुनव्वर फारूकी के बीच-बचाव के बाद भी नहीं दिए पैसे
हिटजोन ने आरोप लगाया कि प्रिंस ने एक वॉइस नोट में पैसे की मदद करने की बात कही थी, लेकिन तय भुगतान नहीं किया। रैपर का कहना है कि वो सिर्फ अपनी मेहनत की तय रकम मांग रहे थे। उनके मुताबिक, मुनव्वर फारूकी ने भी मामले में बीच-बचाव किया, लेकिन भुगतान नहीं मिला। अपने दावों के समर्थन में हिटजोन ने वॉइस रिकॉर्डिंग साझा की। उन्होंने कहा कि अब लोगों को 2 चेहरों वाले प्रिंस नरूला की असली सच्चाई जाननी चाहिए।