रैपर फ्लिपराची ने मुंबई कॉन्सर्ट से पहले 'FA9LA' को याद किया, बोले- कभी नहीं सोचा था...
क्या है खबर?
फिल्म 'धुरंधर' का गाना 'FA9LA' भारत की चारों दिशाओं में लोकप्रिय हो चुका है। इसका जितना श्रेय निर्देशक आदित्य धर को जाता है, उतना ही इसे गाने वाले रैपर फ्लिपराची को भी जाता है। ऐसा कह सकते हैं कि यही वह गाना है जिसने रैपर को भारत में असली पहचान दिलाई है। यही कारण है कि फ्लिपराची जल्द ही मुंबई में एक लाइव कॉन्सर्ट करते हुए दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। इससे पहले उन्होंने 'FA9LA' की सफलता को याद किया है।
प्रतिक्रिया
'FA9LA' की अपार सफलता पर फ्लिपराची ने प्रतिक्रिया दी
IANS से बातचीत में, जब फ्लिपराची से पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी सोचा था कि 'FA9LA' उन लाखों लोगों तक पहुंचेगा जो शायद उनकी भाषा भी नहीं बोलते हैं। इसपर रैपर ने कहा, "मुझे हमेशा से यकीन था कि संगीत यात्रा कर सकता है और सीमाओं को पार कर सकता है, लेकिन मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह इस तरह होगा। यह इस बात को साबित करता है कि जब ऊर्जा सही हो तो भाषा बाधा नहीं होती।"
कॉन्सर्ट
मुंबई कॉन्सर्ट के लिए उत्साहित हैं रैपर
फ्लिपराची 13 मार्च, 2026 को मुंबई में प्रस्तुति देने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। यह उनका भारत में पहला प्रदर्शन होगा जिसके बारे में खुंशी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा, "मैं आभारी हूं। यह अनोखा अनुभव है जब लोग आपके देश में कदम रखने से पहले ही आपके संगीत से जुड़ जाते हैं, इसलिए मैं बेहद उत्साहित और केंद्रित हूं।" बता दें कि फ्लिपराची द्वारा गाए 'FA9LA' गाने को अक्षय खन्ना पर फिल्माया गया है।