रैपर बादशाह का चंडीगढ़ में क्लब सील, नियमों की धज्जियां उड़ाने के कारण हुई कार्रवाई
क्या है खबर?
रैपर बादशाह अपने 'टटीरी' गाने को लेकर पहले ही खूब विवाद बटोर चुके थे। अब उनके नाम पर एक नया विवाद सामने आ रहा है, जिसका नाता उनके चंडीगढ़ में स्थित क्लब 'सागो' से जुड़ा है। दरअसल चंडीगढ़ प्रशासन ने उनके इस क्लब को सील कर दिया है। IANS ने सोशल मीडिया पर सील किए गए क्लब का एक वीडियो साझा किया और बताया कि प्रशासन ने यह कार्रवाई भवन निर्माण नियमों के कथित उल्लंघन के कारण की है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए वीडियो
Chandigarh: A club associated with Bollywood singer and rapper Badshah has been sealed by the Chandigarh Estate Office. The action has been taken over alleged violations of building rules and deviations from the approved map pic.twitter.com/aDYfXcvN8f
— IANS (@ians_india) June 2, 2026
अनदेखी
नियमों की अनदेखी करने के बाद उठाया कदम
खबरों के मुताबिक, बादशाह का क्लब 2023 में शुरू हुआ था जो चंडीगढ़ के सेक्टर 26 में स्थित है और यह सेविले और सिडेरा के साथ 3 रेस्तरां और बार के समूह का हिस्सा है। क्लब भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन करता है और स्वीकृत नक्शे से अलग है। इस संबंध में प्रशासन ने अवैध निर्माण हटाने और भवन को स्वीकृत नक्शे के अनुसार करने के निर्देश दिए थे। हालांकि तय समय सीमा के अंदर यह बदलाव नहीं किया गया।
नोटिस
अन्य रेस्टोरेंट के खिलाफ भी नोटिस जारी हुए
खबरों के मुताबिक, चंडीगढ़ के सेक्टर 7 और 26 में स्थित कई अन्य क्लबों और बारों को भी नोटिस जारी हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि शहर में बिल्डिंग बायलॉज के उल्लंघन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में अगर नियमों का उल्लंघन हुआ, तो इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल, बादशाह ने क्लब सील होने के संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।