बादशाह लेकर आ रहे 'टटीरी' का नया वर्जन, कहा- आपका भरोसा ही मेरी सबसे बड़ी ताकत
क्या है खबर?
मशहूर रैपर बादशाह ने अपने हालिया गाने 'टटीरी' को लेकर उपजे विवाद के बाद से माफी मांग ली है। सोशल मीडिया पर गाने के कुछ बोलों को समाज और संस्कृति के प्रति अपमानजनक बताए जाने के बाद बादशाह ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा कर अपनी सफाई पेश की। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। इसी के साथ ऐलान किया कि वो जल्द ही इसका नया संशोधित वर्जन 'टटीरी फिर से' लाएंगे।
सुधार
सुझावों के आधार पर सुधारी गलती
बादशाह ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर कहा कि पिछले कुछ हफ्तों में उन्होंने अपने गाने 'टटीरी' के संबंध में सरकारी अधिकारियों, महिला आयोग, समाजसेवियों और संस्कृति की परवाह करने वाले अन्य लोगों के विचारों को सुना है। इस प्रतिक्रिया के आधार पर उन्होंने जरूरी बदलाव किए हैं और उन सभी हिस्सों को हटा दिया है, जिन्हें आपत्तिजनक माना गया था। उन्होंने संशोधित म्यूजिक वीडियो की एक झलक भी साझा की, जिससे प्रशंसकों को नए वर्जन का प्रीव्यू मिल सके
आभार
अपनी जड़ों की ओर लौटे बादशाह
बादशाह ने साझा किया कि वो इस फीडबैक और इसके पीछे की भावनाओं का पूरा सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि एक कलाकार के रूप में रचनात्मकता के साथ-साथ समाज और संस्कृति के प्रति जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने ये भी कहा कि संगीत उनके लिए अपनी जड़ों, भाषा और कहानियों को बड़े मंच तक ले जाने का माध्यम रहा है। 'टटीरी' उसी सफर का अगला कदम है और फैंस का साथ ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
माफीनामा
पिछले दिनों बादशाह ने NCW से मांगी थी माफी
बीते मंगलवार को बादशाह ने अपने हरियाणवी गाने 'टटीरी' पर मचे बवाल के बीच मंगलवार को राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) से बिना शर्त माफी मांग ली थी। उन्होंने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए 2 बड़ी घोषणाएं भी कीं। बादशाह ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की 50 लड़कियों की शिक्षा को प्रायोजित करने का संकल्प लिया। इसके साथ ही वादा किया कि वो अगले 4 महीनों के भीतर महिला सशक्तिकरण पर आधारित एक विशेष गाना रिलीज करेंगे।
विवाद की पजह
विवाद का कारण क्या था?
बता दें कि बादशाह के इस गाने के रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसके बोलों को लेकर विरोध शुरू हो गया। लोगों का आरोप था कि गाने में इस्तेमाल की गई भाषा और शब्द महिलाओं के प्रति अपमानजनक और अश्लील हैं। हरियाणवी संस्कृति को गलत तरीके से पेश करने का भी आरोप लगा। विवाद का सबसे बड़ा कारण म्यूजिक वीडियो के विजुअल्स थे। वीडियो में स्कूल ड्रेस पहनी लड़कियों के साथ आपत्तिजनक सीन और डांस स्टेप्स दिखाए गए थे।