पूजा भट्ट विवाद पर रणवीर शौरी का पलटवार- 20 साल से चला आ रहा झूठा प्रचार
क्या है खबर?
अभिनेता रणवीर शौरी ने दो दशक पुराने विवाद पर चुप्पी तोड़ी है। पूजा भट्ट के भाई राहुल भट्ट द्वारा एक पॉडकास्ट में 20 साल पुरानी हिंसक झड़प का जिक्र करने के बाद रणवीर का ये बयान सामने आया है। राहुल के इस खुलासे ने साल 2002 में पूजा भट्ट और रणवीर के बीच हुए विवाद और रिश्तों में आई कड़वाहट की यादों को एक बार फिर ताजा कर दिया है, जिसके बाद दोनों पक्षों के दावे आमने-सामने आ गए हैं।
जवाब
20 साल पुराने आरोप पर भड़के रणवीर
रणवीर ने एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए 20 साल बाद अपनी बात रखी है।
उन्होंने लिखा, 'मुझे खुशी है कि 20 साल से चले आ रहे झूठे प्रचार के बाद आखिरकार सच सामने आ रहा है। अब मैं बचा हुआ सच भी बता देता हूं, ताकि ये मामला खत्म हो सके। किसी जहरीले इंसान से बचने के लिए आत्मरक्षा में कदम उठाना 'मारपीट' नहीं कहलाता।'
रणवीर के इस बयान ने सालों पुराने विवाद में नया मोड़ ला दिया है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए रणवीर शौरी का पोस्ट
I’m glad over 20 years of malicious propaganda and slander has finally given way to some truth!
— Ranvir Shorey (@RanvirShorey) September 30, 2026
Let me add the missing piece, so it can finally rest now: defending yourself against violence to escape someone toxic is not “hitting”! https://t.co/6ZmWnDVx8K
बयान
क्या बोले थे राहुल भट्ट?
पॉडकास्ट के दौरान राहुल भट्ट ने 20 साल पुराने विवाद पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, "रणवीर शौरी और पूजा भट्ट के बीच बहस हुई थी, जिसके बाद रणवीर ने उनके साथ मारपीट की। मुझे बीच-बचाव करना पड़ा और मेरी प्रतिक्रिया कुछ ज्यादा ही आक्रामक हो गई। मैंने रणवीर की कार का शीशा तोड़ा और उनकी पसली तोड़ दी। कानून अपने हाथ में लेकर मैंने गलत किया, जिसकी कीमत मुझे पुलिस गिरफ्तारी और केस झेलकर चुकानी पड़ी।"
तारीफ
"रणवीर तो बहुत सज्जन निकले"
राहुल भट्ट ने अपनी गलती मानते हुए रणवीर की तारीफ की। उन्होंने कहा, "मुझे उस घटना का पछतावा है, मुझे अति-प्रतिक्रिया नहीं देनी चाहिए थी। रणवीर बहुत सज्जन व्यक्ति निकले। केस खत्म करने के दौरान उन्होंने बड़े दिल से कहा, जो बीत गया, सो बीत गया। लोग अक्सर ऐसी स्थिति में पैसे ऐंठते हैं, लेकिन उन्होंने बिना कोई रंजिश रखे केस वापस लिया और FIR रद्द करवाई। इस बड़प्पन के लिए मैं आज भी उनका दिल से सम्मान करता हूं।"
रिश्ता
पूजा और रणवीर के अफेयर से लेकर ब्रेकअप तक
रणवीर और पूजा भट्ट का रिश्ता 2000 के दशक की शुरुआत में काफी सुर्खियों में रहा था।
दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में थे, लेकिन साल 2002 में उनका रिश्ता कड़वाहट और विवादों के साथ खत्म हुआ।
ब्रेकअप के दौरान दोनों के बीच तीखी बहस और हाथापाई के आरोप लगे, जिसके बाद पूजा के भाई राहुल भट्ट और रणवीर के बीच हिंसक झड़प हो गई थी। 20 साल तक चले इस विवाद पर अब दोनों पक्षों ने सच सामने रखा है।