Page Loader
OTT पर एंट्री करने की तैयारी में रणवीर, बेयर ग्रिल्स के साथ कर सकते हैं काम
बेयर ग्रिल्स के साथ काम कर सकते हैं रणवीर

OTT पर एंट्री करने की तैयारी में रणवीर, बेयर ग्रिल्स के साथ कर सकते हैं काम

Jun 30, 2021
07:50 am

क्या है खबर?

रणवीर सिंह आने वाले दिनों में कई बड़ी फिल्मों में नजर आएंगे। रुपहले पर्दे पर अपना जादू बिखेरने के बाद अब वह OTT की दुनिया में पैर पसारने की तैयारी में हैं। खबर है कि रणवीर अपना डिजिटल डेब्यू करने वाले हैं। दरअसल, उन्होंने ब्रिटिश एडवेंचरर, राइटर और टीवी प्रेजेंटर बेयर ग्रिल्स से हाथ मिला लिए हैं। दोनों साथ मिलकर OTT पर धमाल मचाने के लिए तैयार हैं। आइए जानते हैं इस बारे में और क्या जानकारी मिली है।

रिपोर्ट

एक्शन और स्टंट से भरा होगा शो

रणवीर से पहले बेयर ग्रिल्स प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अक्षय कुमार और रजनीकांत के साथ स्क्रीन साझा कर चुके हैं। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक अब बेयर ग्रिल्स OTT प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स के साथ मिलकर नए शो ही तैयारी कर रहे हैं। यह नया शो उनके अन्य शोज की तरह एक्शन और जानलेवा स्टंट से भरा हुआ होगा। वेबसाइट को बेयर ग्रिल्स और नेटफ्लिक्स की करीबी सूत्रों ने बताया है कि इस शो के लिए रणवीर सिंह से बातचीत जारी है।

चाहत

शो के लिए रणवीर हैं बेयर ग्रिल्स की पहली पसंद

रिपोर्ट के मुताबिक यह बेयर ग्रिल्स का कॉन्सेप्ट है, जिस पर नेटफ्लिक्स के साथ चर्चा करने के बाद उन्होंने रणवीर को इसके लिए पूरी तरह से फिट बताया हैं। बेयर ग्रिल्स ने शो के लिए जो कुछ तैयार किया है, उसे रणवीर के अलावा और कोई नहीं कर सका। यह एक बड़े बजट वाला शो है, जो दुनिया भर में नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होगा। रणवीर और बेयर ग्रिल्स पहली बार एक-दूसरे के साथ काम करने के लिए बेहद उत्साहित हैं।

शुरुआत

रणवीर जल्द शुरू कर सकते हैं शो की शूटिंग

शो की तैयारी शुरू हो चुकी है। सूत्रों के मुताबिक इस शो को साइबेरिया में शूट किया जाएगा और टीम वर्तमान में जुलाई-अगस्त में शेड्यूल शुरू करने की दिशा में काम कर रही है। रणवीर और बेयर ग्रिल्स दोनों इस नॉन-फिक्शन सीरीज की शूटिंग करेंगे, जो एक अनोखे कॉन्सेप्ट पर आधारित है। चर्चा है कि रणवीर भी शो में कुछ ऐसे जानलेवा स्टंट करते नजर आएंगे, जो भारत में पहले कभी किसी एक्टर ने नहीं किए।

लोकप्रियता

दुनियाभर में अपने हैरतअंगेज कारनामों के लिए मशहूर हैं बेयर ग्रिल्स

बेयर ग्रिल्स, एक ऐसा शख्स है, जो कीड़े-मकोड़े, सांप और ना जाने क्या-क्या खाता है, जो घने जंगल में किसी भी हालत में मौसम की हर मार झेलते हुए जीता है। यह बेयर ग्रिल्स की वो पहचान है, जो पूरी दुनिया में मशहूर है। बचपन में ही बेयर ग्रिल्स ने स्काइडाइविंग सीख ली थी और कराटे में ब्लैक बेल्ट हासिल कर लिया था। ग्रिल्स ने 1998 में 23 साल की उम्र में एवरेस्ट चढ़कर रिकॉर्ड बना लिया था।

फिल्में

ये हैं रणवीर की आने वाली फिल्में

रणवीर जल्द ही कबीर खान के निर्देशन में बनी फिल्म '83' में नजर आएंगे। वह निर्देशक शंकर की फिल्म 'अन्नियन' के हिंदी रीमेक में भी काम कर रहे हैं। रोहित शेट्टी की फिल्म 'सर्कस' के हीरो भी रणवीर ही हैं। वह 'जयेशभाई जोरदार' को लेकर सुर्खियों में हैं। रणवीर निर्देशक रोहित शेट्टी की फिल्म 'सूर्यवंशी' में भी दिखाई देंगे। इसमें उनकी भूमिका छोटी, लेकिन महत्वपूर्ण होगी। रणवीर, करण जौहर की मल्टीस्टारर फिल्म 'तख्त' में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे।