Page Loader
रणवीर सिंह ने की अपील, OTT में शामिल हों 'रॉकी और रानी...' के काटे गए दृश्य
'रॉकी और रानी' पर रणवीर की खास अपील (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@aliaabhatt)

रणवीर सिंह ने की अपील, OTT में शामिल हों 'रॉकी और रानी...' के काटे गए दृश्य

Aug 04, 2023
11:59 am

क्या है खबर?

करण जौहर की फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' की हर तरफ चर्चा हो रही है। वीकेंड पर फिल्म को अच्छी संख्या में दर्शक मिले थे और फिल्म की कमाई लगातार जारी है। दर्शक इस फिल्म की खूब तारीफ कर रहे हैं। वहीं कुछ दर्शक सिनेमाघर का रुख करने की बजाय फिल्म के OTT पर आने का इंतजार कर रहे हैं। अब रणवीर सिंह ने इच्छा जताई है कि फिल्म OTT पर एडिट हुए दृश्यों के साथ आए।

फिल्म 

28 जुलाई को आई थी फिल्म

'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' 28 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में आलिया भट्ट और रणवीर ने मुख्य भूमिका निभाई है। उनके साथ फिल्म में धर्मेंद्र, जया बच्चन और शबाना आजमी भी नजर आई हैं। फिल्म एक पंजाबी और बंगाली जोड़े की कहानी है, जिनके परिवार बिल्कुल अलग संस्कृति का पालन करते हैं। इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म से करण ने 7 साल बाद निर्देशन में वापसी की है।

कांट-छांट

करीब 20 मिनट छोटी की गई फिल्म

हाल ही में मुंबई में फिल्म की सफलता को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई थी। यहां रणवीर ने फिल्म में कांट-छांट करने पर अपनी निराशा जताई। यह फिल्म 3 घंटे 10 मिनट की थी। करण ने इसे थिएटर के दर्शकों के अनुकूल बनाने और स्टोरीलाइन को और मजबूत करने के लिए इसे छोटा करके 2 घंटे 48 मिनट का कर दिया था। इसके लिए उन्होंने फिल्म के कई दृश्य और 1 गाना फिल्म से हटा दिया।

बयान 

रणवीर ने करण से की यह अपील

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रेस कॉन्फ्रेंस में रणवीर ने कहा, "लोग मांग कर रहे हैं कि रानी का जो थीम सॉन्ग था और जो दृश्य मिटाए गए हैं, वो देखें।" उन्होंने करण से अपील की कि फिल्म जब OTT पर आए, तो इसमें वे दृश्य शामिल किए जाएं। मिटाए गए एक दृश्य में रॉकी रानी से कहता है, 'लव है तो सब है'। इसके अलावा एक गाने को फिल्म से हटाकर क्रेडिट में डाल दिया गया है।

तारीफ

फिल्म को मिल रही प्रशंसा से गदगद करण 

फिल्म को मिल रही प्रतिक्रिया से करण गदगद हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि जब फिल्म रिलीज हुई और हर कोई इसकी तारीफ कर रहा था, तो वह डर गए। उन्हें लगा कि उन्होंने कुछ लगत कर दिया है क्या। अनुराग कश्यप ने फोन करके उन्हें फिल्म के लिए बधाई दी थी। इसके ठीक बाद उनके पास राकेश रोशन का फोन आया था। दो धुरी के निर्देशकों का एक साथ फोन आने से वह काफी खुश थे।