'डॉन 3' विवाद: FWICE के फरमान से भड़के रणवीर सिंह, फिल्म संगठन को थमाया कानूनी नोटिस
क्या है खबर?
रणवीर सिंह और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के बीच का विवाद अब कोर्ट की दहलीज तक पहुंच गया है। आने वाली फिल्म 'डॉन 3' से अचानक पीछे हटने के बाद खुद पर लगे 'असहयोग' के फैसले से नाराज रणवीर ने FWICE को एक कानूनी नोटिस भेजा है। उनका आरोप है कि संगठन ने बिना उनका पक्ष सुने एकतरफा कार्रवाई की है, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है।
कार्रवाई
विवाद के बाद जारी असहयोग निर्देश पर रणवीर ने लिया एक्शन
'डॉन 3' से रणवीर के बाहर होने को लेकर शुरू हुआ विवाद थमता नहीं रहा है। अभिनेता ने अब FWICE को एक कानूनी नोटिस भेजा है। ये नोटिस संगठन द्वारा पिछले महीने उनके खिलाफ जारी किए गए 'असहयोग निर्देश' के विरोध में भेजा गया है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, रणवीर ने बीते मंगलवार को इस फिल्म संगठन को कानूनी नोटिस भेजा। हालांकि, इस नोटिस में क्या-क्या बातें कही गई हैं, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
मतभेद
रणवीर सिंह और फरहान अख्तर के बीच बढ़ी दूरियां
'डॉन 3' को लेकर रणवीर और फरहान अख्तर के बीच बढ़ी दूरियां बॉलीवुड के सबसे बड़े विवादों में से एक बन चुकी हैं। कई ऑनलाइन रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर ने निर्माताओं के साथ रचनात्मक मतभेदों के चलते इस फिल्म से किनारा कर लिया है। कई रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया गया है कि रणवीर फिल्म के प्रोडक्शन में बार-बार हो रही देरी और फाइनल स्क्रिप्ट तय न होने की वजह से काफी नाखुश थे।
हर्जाना
फरहान ने की 45 करोड़ की मांग
जो मामला पहले सिर्फ कलाकार बदलने का लग रहा था, वो अब कानूनी विवाद बन गया है। फरहान की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट ने 45 करोड़ रुपये हर्जाने की मांग की है। इसके बाद FWICE ने अभिनेता पर बैन लगा दिया। बैन के बाद रणवीर के प्रवक्ता ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि अभिनेता इस मामले पर चल रही अटकलों को बढ़ावा नहीं देना चाहते। उनका मानना है कि ऐसे पेशेवर विवादों को निजी तौर पर सुलझाना बेहतर है।
आगामी फिल्म
क्या बैन की वजह से रुक जाएगी रणवीर की 'प्रलय'?
FWICE द्वारा लगाए गए इस 'बैन' ने रणवीर की आने वाली फिल्म 'प्रलय' पर भी संशय के बादल मंडरा दिए थे। इस पूरे विवाद के बीच फैंस इस प्रोजेक्ट के भविष्य को लेकर काफी चिंतित थे। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि इस विवाद की वजह से फिल्म के काम में कोई देरी नहीं होगी।णर रणवीर इसी साल अगस्त में जय मेहता के निर्देशन में बनने वाली इस फिल्म की शूटिंग शुरू करने जा रहे हैं।