LOADING...
'धुरंधर' का शोर अब जापान में, 'ऑपरेशन धुरंधर' नाम से इस दिन रिलीज होगी फिल्म
'धुरंधर' अब जापान में मचाएगी धमाल

'धुरंधर' का शोर अब जापान में, 'ऑपरेशन धुरंधर' नाम से इस दिन रिलीज होगी फिल्म

Apr 29, 2026
10:57 am

क्या है खबर?

रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर' अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाने को तैयार है। भारतीय बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे गाड़ने और 1,700 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई करने के बाद ये फिल्म अब जापान के सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। जापान में ये फिल्म 'ऑपरेशन धुरंधर' के नाम से रिलीज होगी। फिल्म की वैश्विक पहुंच बढ़ाने के लिए निर्माताओं ने जापान रिलीज के साथ एक नया ट्रेलर और पोस्टर भी जारी किया है।

रिलीज

इस दिन जापान के सिनेमाघराें का रुख करेगी 'धुरंधर'

भारत में शानदार प्रदर्शन के बाद आदित्य धर के निर्देशन में बनी 'धुरंधर' अब 10 जुलाई, 2026 को जापान में रिलीज होने के लिए तैयार है। एक स्थानीय ट्रेलर और नए पोस्टर के साथ इस अंतरराष्ट्रीय रिलीज की पुष्टि कर दी गई है, जो एक प्रमुख विदेशी बाजार में फिल्म की पकड़ मजबूत करने की मेकर्स की एक रणनीतिक कोशिश है। जापान में रिलीज होने से फिल्म के कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में कमाई का एक नया जरिया जुड़ जाएगा।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए पोस्टर

Advertisement

प्रतिक्रिया

'धुरंधर' की जापान रिलीज को लेकर बंटा सोशल मीडिया

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर फिल्म 'धुरंधर' की जापान रिलीज को लेकर लोगों की अलग- अलग राय है। कुछ जापान में इसकी कमाई को लेकर आशंकित हैं तो कुछ कह रहे हैं कि ये वहां भी रिकॉर्ड तोड़ देगी। फिल्म के नाम 'ऑपरेशन धुरंधर' को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। लोगों का कहना है कि फिल्म की कहानी के हिसाब से ये नाम बिल्कुल सटीक है। कुछ फैंस चाहते हैं कि फिल्म को चीन में भी रिलीज किया जाए।

Advertisement

गली बॉय

रणवीर की फिल्म 'गली बॉय' भी हुई थी जापान में रिलीज

ये पहली बार नहीं, जब कोई बॉलीवुड फिल्म 'जापान' में रिलीज हो रही है। रणवीर की ही फिल्म 'गली बॉय' भी जापान के सिनेमाघरों में दिखाई जा चुकी है, जिसे बर्लिन फिल्म फेस्टिवल और मेलबर्न के भारतीय फिल्म महोत्सव में जबरदस्त कामयाबी मिली थी। जियो स्टूडियोज और B62 स्टूडियोज के बैनर तले बनी 'धुरंधर' में रणवीर के साथ अक्षय खन्ना, आर माधवन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन जैसे कलाकार शामिल हैं। फिल्म दिसंबर, 2025 में रिलीज हुई थी।

सीक्वल

'धुरंधर' के सीक्वल का बॉक्स ऑफिस पर जलवा कायम

'धुरंधर' का सीक्वल 'धुरंधर: द रिवेंज' अपनी रिलीज के 40 दिन पूरे होने के बाद भी सिनेमाघरों में दर्शकों को खींच रही है। अक्षय कुमार की 'भूत बंगला' और जाफर जैक्सन की 'माइकल' जैसी फिल्मों से कड़ी टक्कर के बावजूद ये स्पाई थ्रिलर फिल्म बॉक्स ऑफिस से टस से मस होने को तैयार नहीं है और छठे हफ्ते में भी अच्छी कमाई कर रही है। भारत में ये 1,132 करोड़ तो दुनियाभर में 1,780 करोड़ रुपये कमा चुकी है।

Advertisement