'धुरंधर 2' का ट्रेलर इस कारण नहीं हुआ जारी, जानिए कब हो सकता है रिलीज
क्या है खबर?
रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'धुरंधर 2' 19 मार्च को सिनेमाघरों में तहलका मचाने आ रही है। चर्चा थी कि निर्माता 3 मार्च को फिल्म का ट्रेलर जारी करेंगे जो फैंस के लिए होली के जश्न को दोगुना कर देगा। हालांकि, ऐन मौके पर इस योजना को रद्द कर दिया गया जिससे लोगों का दिल टूट गया। इस बीच, एक रिपोर्ट में बताया गया है कि जियो स्टूडियो ने 'धुरंधर 2' का ट्रेलर 3 मार्च को क्यों जारी नहीं किया।
वजह
इस वजह से नहीं जारी हुआ 'धुरंधर 2' का ट्रेलर
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, 3 मार्च को लगे चंद्र ग्रहण के कारण योजना को बदल दिया है। सूत्र ने बताया, "'धुरंधर 2' का ट्रेलर 3 मार्च को जारी करने की खबर महज अफवाह नहीं थी। निर्माताओं ने वाकई उसी दिन ट्रेलर रिलीज करने की योजना बनाई थी। लेकिन बाद में उन्हें बताया गया कि 3 मार्च को चंद्र ग्रहण है, जिसे नई शुरुआत के लिए अशुभ माना जाता है। इसलिए, टीम ने ट्रेलर रिलीज को स्थगित करने का फैसला किया।"
ट्रेलर
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेलर हो सकता है जारी
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि निर्माता बिना किसी कार्यक्रम के 'धुरंधर 2' का ट्रेलर 5 या 6 मार्च को सीधे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जारी कर सकते हैं। हालांकि, तारीखों पर सस्पेंस अब भी बरकरार है। निर्माताओं की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही सबकुछ साफ होगा। बता दें, रणवीर की फिल्म को टक्कर देने, 19 मार्च को यश की फिल्म 'टॉक्सिक' आ रही है। फिल्म का ट्रेलर 8 मार्च को बेंगलुरु में एक भव्य कार्यक्रम में जारी किया जाएगा।