रणदीप हुड्डा सेट से लीक होने वाली तस्वीरों पर बोले- सब गलती से ही नहीं होता
क्या है खबर?
हाल के दिनों में 'रामायण', 'किंग' जैसी फिल्में और रणदीप हुड्डा की वेब सीरीज 'इंस्पेक्टर अविनाश 2' के लुक और सीन सोशल मीडिया पर लीक हुए हैं। अब रणदीप ने फिल्म सेट से होने वाले 'लीक्स' पर बेबाक राय देते हुए इन्हें एक बेहतरीन PR बताया है। रणदीप का मानना है कि सेट से वायरल होने वाली तस्वीरें या वीडियो हमेशा गलती से लीक नहीं होते। क्या कुछ बोले रणदीप, आइए जानते हैं।
दो टूक
फिल्म सेट लीक्स असल में सोची-समझी 'PR रणनीति'- रणदीप
टाइम्स नाउ के साथ हाल ही में हुए एक इंटरव्यू में रणदीप ने फिल्म सेट से होने वाले 'लीक्स' की बढ़ती समस्या पर खुलकर बात की। उन्होंने संदेह जताया कि इनमें से कुछ लीक्स सोची-समझी साजिश (जानबूझकर) होते हैं। अभिनेता ने ऐसे लीक्स को एक बेहतरीन PR पेग (प्रचार का जरिया) बताया और कहा कि बहुत से लोग किसी प्रोजेक्ट के इर्द-गिर्द चर्चा पैदा करने के लिए जानबूझकर इनका इस्तेमाल करते हैं।
लीक
"लोग जानबूझकर मचाते हैं शोर"
रणदीप बोले कि उन्हें लगता है कि कुछ लीक्स अनजाने में नहीं होते। उन्होंने साझा किया, "मुझे गहरा संदेह है कि इनमें से कुछ चीजें जानबूझकर की जाती हैं, क्योंकि ये पब्लिसिटी (PR) का एक बेहतरीन जरिया है। मुझे लगता है कि बहुत कुछ जानबूझकर ही किया जाता है। हालांकि, ये दुखद है, लेकिन बहुत से लोग अपने फायदे के लिए इसका इस्तेमाल करते हैं और जानबूझकर हंगामा खड़ा करते हैं।"
बयान
लीक करने वाले कमाते हैं पैसा, निर्माताओं की टूटती है कमर- नीरज पाठक
उधर रणदीप के साथ मौजूद 'इंस्पेक्टर अविनाश' के निर्देशक नीरज पाठक ने सोशल मीडिया लीक्स को एक क्रिएटर के लिए सबसे दुखद घटनाओं में से एक बताया है। उन्होंने कहा, "फिल्मकार सालों तक कहानी बुनने और किरदारों को गढ़ने में मेहनत करते हैं ताकि दर्शकों के लिए सरप्राइज बना रहे, लेकिन ऑनलाइन क्लिप लीक होने से उस पूरी मेहनत पर पानी फिर जाता है। ये वास्तव में हतोत्साहित करने वाला है ।"
wdq
'इंस्पेक्टर अविनाश 2' लेकर आ रहे रणदीप और नीरज पाठक
दर्शकों के लंबे इंतजार के बाद 'इंस्पेक्टर अविनाश 2' करीब 3 साल बाद वापसी कर रहा है। 90 के दशक के उत्तर प्रदेश की सच्ची घटनाओं से प्रेरित ये शो इस बार और भी ज्यादा गंभीर और निजी होने वाला है। जहां पहले सीजन में अविनाश मिश्रा अपराधियों का सफाया करते दिखे थे, वहीं दूसरे सीजन में उनके अपने ही बेटे का नाम एक मर्डर केस में फंस जाता है। 'इंस्पेक्टर अविनाश 2' 15 मई को जियो हॉटस्टार पर आएगा।