रणबीर कपूर का बड़ा ऐलान, अब निर्देशन में उतरेंगे; बोले- बतौर अभिनेता ये मेरा आखिरी दशक
क्या है खबर?
'रामायण: पार्ट 1' के प्रचार के दौरान रणबीर कपूर ने अपने करियर के अगले कदम को लेकर बड़ा खुलासा किया है। अभिनेता ने बताया कि वो एक स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं और अगले 2 से 3 सालों में निर्देशक के रूप में कैमरे के पीछे नजर आ सकते हैं। साई पल्लवी के साथ BBCएशियन न्यूज नेटवर्क को दिए एक इंटरव्यू में रणबीर ने कहा कि बतौर एक्टर ये उनका आखिरी दशक हो सकता है।
खुलासा
रणबीर खुद लिख रहे फिल्म की कहानी
रणबीर ने बताया कि उन्होंने हाल ही में अपनी पहली फिल्म की कहानी लिखना शुरू किया है। उनका मानना है कि लिखना बेहद मुश्किल काम है, जिससे उनके दिल में लेखकों के प्रति सम्मान और बढ़ गया है।
रणबीर का मानना है कि एक अभिनेता के मुकाबले निर्देशक अपनी सोच और कहानी को पर्दे पर उतारने के लिए पूरी टीम के साथ काम करता है। निर्देशक को अपनी कहानी दर्शकों तक पहुंचाने का अलग ही सुकून मिलता है।
ऐलान
राजकुमार हिरानी जैसी फिल्म बनाएंगे रणबीर
रणबीर ने भले ही अभी अपनी फिल्म की जॉनर तय न की हो, लेकिन उन्होंने बताया कि वो दर्शकों को खुशी और सकारात्मकता देने वाले सिनेमा को पसंद करते हैं।
'लाइफ इज ब्यूटीफुल', 'इट्स अ वंडरफुल लाइफ' और राजकुमार हिरानी की फिल्मों का उदाहरण देते हुए रणबीर ने कहा कि वो भी इसी तरह की दिल को छू लेने वाली पारिवारिक ड्रामा फिल्में बनाना चाहते है। निर्देशक के रूप में उनकी पहली फिल्म एक हल्के-फुल्के अंदाज वाली होगी।
योजना
एक्टिंग के साथ निर्देशन का काम कैसे संभालेंगे रणबीर?
व्यस्त शेड्यूल के बीच निर्देशन के लिए वक्त निकालने पर रणबीर बोले, "मैं साल में सिर्फ 100-125 दिन शूटिंग करता हूं, इसलिए लिखने का पूरा समय मिल जाता है। हालांकि, बतौर अभिनेता ये मेरा आखिरी दशक हो सकता है।"
रणबीर ने साफ किया कि वो 'ब्रह्मास्त्र 2', 'एनिमल 2' और 'रामायण 2' जैसी फिल्में पूरी करने के बाद अगले 2-3 सालों में अपनी पहली फिल्म निर्देशित करेंगे। हालांकि, वो अपने निर्देशन में बनी किसी फिल्म में एक्टिंग नहीं करना चाहते।