'रामायण' से किरदारों की पहली झलक इस दिन होगी जारी, नितेश तिवारी ने बनाई योजना
क्या है खबर?
नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' का पहला अध्याय इसी साल दिवाली पर सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगा जिसे लेकर लोग बेहद उत्साहित हैं। पहली बार रणबीर कपूर एक माइथोलॉजिकल फिल्म का हिस्सा बने हैं। श्रीराम के किरदार में उन्हें देखना फैंस के लिए काफी दिलचस्प होगा। साई पल्लवी ने माता सीता का किरदार निभाया है, जबकि रावण के किरदार में यश दिखेंगे। फिल्म निर्माता ने किरदारों की पहली झलक जारी करने के लिए एक खास योजना तैयार की है।
झलक
राम नवमी के अवसर पर जारी होगी किरदारों की पहली झलक
मिड-डे के मुताबिक, फिल्म निर्माताओं ने 'रामायण: पार्ट 1' से किरदारों की पहली झलक जारी करने के लिए एक भव्य कार्यक्रम की योजना बनाई है। मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया में 27 मार्च को होने वाले राम नवमी कार्यक्रम में किरदारों के लुक का अनावरण होगा। कार्यक्रम के लिए निमंत्रण भेजेने का सिलसिला जारी हो चुका है। विशेष अथिति की सूची में राज्य और केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ नेता, मनोरंजन और खेल जगत की हस्तियों के नाम शामिल हैं।
उम्मीद
कार्यक्रम में कई बड़े नामों के आने की उम्मीद
एक सूत्र ने बताया, "बॉलीवुड के कई बड़े नामों के आने की उम्मीद है। भगवान राम का किरदार निभा रहे रणबीर ने अपने परिवार और करीबियों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया है। यह पहली बार होगा जब महाकाव्य के पात्रों का पूरा संसार प्रस्तुत किया जाएगा।" फिल्म में लक्ष्मण का किरदार रवि दुबे निभा रहे हैं, जबकि हनुमान के रोल में सनी देओल दिखेंगे। हालांकि कार्यक्रम को लेकर निर्माताओं की ओर से आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।