रणबीर कपूर पैपराजी पर भड़के, वायरल वीडियो देख फैंस बोले- बिल्कुल सही किया
क्या है खबर?
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट हाल ही में मुंबई में फिल्म 'दादी की शादी' की स्पेशल स्क्रीनिंग में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान पैपराजी की भारी भीड़ ने उन्हें घेर लिया तो रणबीर गुस्सा हो गए और उन्होंने पैपराजी को पीछे हटने को कहा। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसे देख प्रशंसक उनका समर्थन कर रहे हैं। बता दें कि 'दादी की शादी' में रणबीर की मां नीतू कपूर और बहन रिद्दिमा कपूर मुख्य भूमिका में हैं।
स्थिति
पहले गुस्सा हुए और फिर खुद मोर्चा संभाला
गुस्सा दिखाने के बाद रणबीर ने स्थिति संभाली और फोटोग्राफर्स से पूछा, "आप लोगों को फोटो चाहिए... चलो।" इसके बाद उन्होंने पैपराजी से जगह देने का अनुरोध किया ताकि वो और आलिया आराम से पोज दे सकें। रणबीर की बात सुन फोटोग्राफर भी एक-दूसरे को "पीछे हट, पीछे हट" कहते हुए रास्ता देते नजर आए, जिसके बाद दोनों ने दूसरी जगह जाकर शांति से तस्वीरें खिंचवाईं। जैसे ही रणबीर का वीडियो वायरल हुआ, फैंस उनके समर्थन में उतर आए।
नाराजगी
फैंस ने पैपराजी को सिखाया शिष्टाचार
कई यूजर्स ने पैपराजी के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे मशहूर हस्तियों से सम्मानजनक दूरी नहीं बनाए रखते। फैंस की मानें तो अपनी सुरक्षा और निजता के लिए रणबीर की प्रतिक्रिया जायज थी। एक ने लिखा, 'पैपराजी को तय दूरी बनाकर रखनी चाहिए। बिना अनुमति किसी के चेहरे के इतना करीब कैमरा ले जाना सही नहीं है। आपके पास कैमरा होने का मतलब ये नहीं कि आप कभी भी फोटो खींचने लगें। उनकी इजाजत लेना जरूरी है।'
फिल्म
'दादी की शादी' से फिल्मी दुनिया में कदम रखेंगी रणबीर की बहन
बता दें कि 'दादी की शादी' एक फैमिली कॉमेडी-ड्रामा फिल्म है, जिससे रणबीर की बहन रिद्धिमा कपूर साहनी अपना बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं। ये उनकी पहली फिल्म है, जिसे लेकर वो खुद बेहद उत्साहित हैं, वहीं फैंस भी उन्हें बड़े पर्दे पर देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म में नीतू कपूर और कपिल शर्मा मुख्य भूमिकाओं में हैं। ये फिल्म 8 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है
वर्कफ्रंट
इस फिल्म में साथ नजर आएंगे आलिया-रणबीर
आलिया और रणबीर जल्द ही ही संजय लीला भंसाली की फिल्म 'लव एंड वार' में नजर आएंगे। 'गंगूबाई काठियावाड़ी' के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतने के बाद भंसाली के साथ ये आलिया का दूसरा बड़ा प्रोजेक्ट है। उधर रणबीर भी इससे पहले 'सांवरिया' में भंसाली के साथ काम कर चुके हैं। 'लव एंड वार' में रणबीर और आलिया के साथ-साथ विक्की कौशल भी मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे। ये फिल्म 21 जनवरी, 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।