'द रोमांटिक्स' में पिता को देख भावुक हुुए रणबीर, बताया शूट के अगले दिन क्या हुआ
क्या है खबर?
रणबीर कपूर गाहे-बगाहे अपने पिता ऋषि कपूर को याद करते रहते हैं। हाल ही में उन्होंने बताया कि डॉक्यूमेंट्री सीरीज 'द रोमांटिक्स' में जब उन्होंने ऋषि को देखा तो वह काफी भावुक हो गए थे। इसके अलावा रणबीर ने अपनी फिल्म 'बॉम्बे वेलवेट' पर भी बात की और बताया कि वह इस फिल्म की असफलता से कितने बेफिक्र थे। उन्हें रिलीज के तीन हफ्ते बाद पता चला था कि कुछ तो गड़बड़ है। आइए जानते हैं क्या कुछ बोले रणबीर।
दुखद
एक महीने के अंदर हमने उन्हें खो दिया
इंडिया टुडे ने रणबीर से पूछा कि क्या अपनी फिल्म की रिलीज से पहले उन्हें अपने पिता की याद आती है तो उन्होंने जवाब दिया, "मैं उन्हें हर दिन याद करता हूं। 'द रोमांटिक्स' में उनकी बातें सुनकर मैं सचमुच भावुक हो गया।" रणबीर बोले, "इस सीरीज की शूटिंग के अगले दिन उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया और एक महीने के भीतर हमने उन्हें खो दिया। माता-पिता को खोना किसी के भी जीवन में बहुत बड़ा नुकसान होता है।"
दिल की बात
रणबीर के पिता बनने पर बहुत खुश होते ऋषि
रणबीर ने आगे कहा, "ऐसा कोई दिन नहीं गुजरता, जब मुझे उनकी याद न आए। मैं हर दिन उनके बारे में सोचता हूं। अब मेरी की एक बेटी राहा भी है। मुझे ऐसा लगता है कि अगर डैड जिंदा होते तो कहीं न कहीं मेरी जिंदगी के इस पल और मेरे पिता बनने पर वह बहुत खुश होते।" उन्होंने कहा, "वह हर दिन मेरे साथ हैं। मेरे फोन के वॉलपेपर पर अब भी उन्हीं की तस्वीर लगी हुई है।"
इंटरव्यू
सीरीज में यशराज के साथ अपने संबंधों पर बात करते दिखे ऋषि
दिग्गज फिल्म निर्देशक यश चोपड़ा पर बनी डॉक्यूमेंट्री सीरीज 'द रोमांटिक्स' में बॉलीवुड की कई हस्तियों का इंटरव्यू दिखाया गया, जिसमें ऋषि का इंटरव्यू भी शामिल था। इसमें वह चोपड़ा के साथ अपने संबंधों, उनके साथ अपनी दोस्ती के किस्से और यशराज फिल्म्स की गाथा सुनाते नजर आए। बता दें कि ऋषि ने यश और उनके बेटे आदित्य चोपड़ा के साथ 'कभी कभी', 'चांदनी', 'जब तक है जान', 'फना', 'हम तुम' जैसी कई सफल फिल्मों में काम किया।
खुलासा
'बॉम्बे वेलवेट' के फ्लॉप होने पर क्या बोले रणबीर?
रणबीर ने कहा, "मैं एक संतुलित व्यक्ति हूं। न तो कभी सफलता से ज्यादा खुश होता और ना ही असफलता से दुखी।" उन्होंने कहा, "एक हफ्ता बीत गया और मेरे पास 100 मैसेज आ गए कि हम तुम्हारे साथ हैं। जब तीसरे हफ्ते तक ऐसे मैसेज आते रहे, तब अहसास हुआ कि कुछ बहुत बड़ी गड़बड़ हो गई है।" लगभग 120 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में केवल 43 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
दो टूक
स्टारडम के पीछे नहीं भागते रणबीर
रणबीर बोले, "मुझे अपनी कला पर पूरा भरोसा है, एक कलाकार के रूप में आत्मविश्वास है। मेरा इरादा एक अच्छा अभिनेता बनने का है। मेरा काम बढ़िया होगा तो स्टारडम खुद मेरे पीछे आएगा, इसलिए मैं स्टारडम नहीं, बल्कि अच्छे काम के पीछे भागता हूं।" उन्होंने कहा, "मैं जानता हूं कि मुझे क्या करना है। बाकी जिंदगी है, उतार-चढ़ाव तो आते रहेंगे। बस यही चाहता हूं कि मुझे अच्छे निर्माताओं, लेखकों और कलाकारों संग काम करने का मौका मिलता रहे।"
जानकारी
'तू झूठी मैं मक्कार' में दिखेंगे रणबीर
रणबीर आजकल फिल्म 'तू झूठी मैं मक्कार' के प्रमोशन में जुटे हैं। इसका ट्रेलर और गाने दर्शकों को बेहद पसंद आए हैं। फिल्म में उनकी जोड़ी पहली बार श्रद्धा कपूर के साथ बनी है। यह फिल्म 8 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।