Page Loader
'एनिमल' से पहले रणबीर कपूर की इन फिल्मों ने की 100 करोड़ रुपये की कमाई
'ब्रह्मास्त्र' से रणबीर कपूर और आलिया भट्ट (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@brahmastrafilm)

'एनिमल' से पहले रणबीर कपूर की इन फिल्मों ने की 100 करोड़ रुपये की कमाई

Dec 03, 2023
12:49 pm

क्या है खबर?

रणबीर कपूर ने फिल्म 'एनिमल' के जरिए यह साबित कर दिया है कि फिल्म को सुपरहिट या ब्लॉकबस्टर बनाने के लिए उसमें सुपरस्टार का होना जरूरी नहीं है। उनकी फिल्म ने जहां पहले दिन दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी, वहीं दूसरे दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर भी इसने 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर दिया। आइए जानते हैं रणबीर की उन फिल्मों के बारे में, जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर यह कमाल किया।

#1

'संजू'

इस फेहरिस्त में सबसे पहना नाम है 'संजू' का, जिसने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 342 करोड़ रुपये तो दुनियाभर में 588 करोड़ रुपये की कमाई की थी। यह अभिनेता संजय दत्त की बायोपिक थी, जिनकी भूमिका रणबीर ने निभाई थी। फिल्म में विक्की कौशल, परेश रावल और मनीषा कोइराला जैसे कलाकार भी थे। इस फिल्म में रणबीर को देख ऐसा लग रहा था, मानों वह संजू ही हों। उनकी यह फिल्म डिज्नी+हॉटस्टार पर देखी जा सकती है।

#2

'ब्रह्मास्त्र'

'ब्रह्मास्त्र' में रणबीर पहली बार अपनी पत्नी आलिया भट्ट के साथ नजर आए थे। इसकी कहानी शिवा (रणबीर) नाम के लड़के की है, जिसे सपने में कुछ बेहद अजीब चीजें दिखती हैं। शिवा एक DJ है और दशहरे पर हुए एक कार्यक्रम में उसे एक लड़की दिखती है, जिसे देख वह उसका दीवाना हो जाता है। फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 268.56 करोड़ रुपये तो दुनियाभर में 430 करोड़ रुपये कूटे थे। यह फिल्म भी डिज्नी+ हॉटस्टार पर है।

#3

'ये जवानी है दीवानी'

इस फिल्म का निर्देशन रणबीर के खास दोस्त और निर्देशक अयान मुखर्जी ने किया था, जो उनकी फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' के निर्देशक भी थे। फिल्म में रणबीर की जोड़ी दीपिका पादुकोण के साथ बनी थी और दोनों की केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब सराहा था। फिल्म में आदित्य रॉय कपूर और कल्कि कोचलिन भी थीं। फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 188.57 करोड़ तो दुनियाभर में 318 करोड़ रुपये कमाए थे। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर मौजूद है।

#4

'तू झूठी मैं मक्कार'

रणबीर पिछली बार 'तू झूठी मैं मक्कार' में नजर आए थे। लव रंजन ने इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म का निर्देशन किया था। इसमें पहली बार रणबीर की जोड़ी श्रद्धा कपूर के साथ बनी थी। निर्माता बोनी कपूर बतौर अभिनेता यह पहली फिल्म थी। इसमें डिंपल कपाड़िया भी थीं, वहीं कार्तिक आर्यन और नुसरत भरूचा ने फिल्म में कैमियो किया था। फिल्म ने भारत में 147.28 करोड़ रुपये तो दुनियाभर में 223 करोड़ रुपये बटोरे थे। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर है।

#5 और #6

'ऐ दिल है मुश्किल' और 'बर्फी'

'ऐ दिल है मुश्किल' में रणबीर ने ऐसे शख्स की भूमिका निभाई, जो मोहम्मद रफी जैसा नामी गायक बनना चाहता है। फिल्म में अनुष्का शर्मा और ऐश्वर्या राय बच्चन भी थीं। इसने भारत में 113.19 करोड़ रुपये का कारोबार किया था और दुनियाभर में इसकी कमाई 240 करोड़ रुपये को पार कर गई थी। यह फिल्म वूट पर है। उधर रणबीर की नेटफ्लिक्स पर मौजूद फिल्म 'बर्फी' ने भारत में 112 करोड़ तो दुनियाभर में 136 करोड़ रुपये कमाए थे।