रणबीर कपूर को पसंद नहीं है 'बॉलीवुड' शब्द, बोले- कला की कोई सीमा नहीं होती
क्या है खबर?
हिंदी फिल्मों को हमेशा से 'बॉलीवुड' नाम के तहत जाना जाता आया है। हालांकि, सबके चहीते रणबीर कपूर की राय इस शब्द को लेकर काफी अलग है। लंदन में एक ब्रिटिश मीडिया आउटलेट को इंटरव्यू देते हुए रणबीर ने कहा कि उन्हें ये शब्द पसंद नहीं है और वह खुद को 'बॉलीवुड स्टार' के बजाय 'भारतीय अभिनेता' कहलाना ज्यादा पसंद करेंगे। उन्होंने कहा, "कला की कोई सीमा नहीं होती है।"
रणबीर
ये शब्द बस हॉलीवुड से ही निकला- रणबीर
साई पल्लवी और यश के साथ 'रामायण' का प्रचार करने के लिए रणबीर लंदन पहुंचे।
इसी बीच ITV से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि ये शब्द बस हॉलीवुड से ही निकला है। उस समय बॉम्बे कहा जाता था, इसलिए ये 'बॉलीवुड' बन गया। इसी तरह तेलुगु इंडस्ट्री 'टॉलीवुड' बन गई। इस तरह से इनके अलग-अलग नाम पड़ गए। मैं बॉलीवुड के बजाय भारतीय सिनेमा का प्रतिनिधि बनना चाहूंगा।"
बयान
कला लोगों को एक साथ लाती है- रणबीर
रणबीर ने आगे कहा, "हम एक ऐसे देश से आते हैं, जहां अलग-अलग संस्कृतियां, भाषाएं और राज्य हैं। अंत में, हम सभी कला रचने की कोशिश कर रहे हैं। कला ही वह चीज है, जो लोगों को एक साथ लाती है। कला की कोई सीमा नहीं होती है। अगर आप अपनी संस्कृति और परंपरा से जुड़ी कोई अच्छी और सच्ची कहानी सुनाते हैं तो वह हमेशा पूरी दुनिया से जुड़ जाती है।"
जानकारी
भारतीय सिनेमा को पहचान दिलाने की दिशा में एक कदम
रणबीर का ये बयान ऐसे समय पर आया है, जब हिंदी सिनेमा और दक्षिण भारतीय सिनेमा के सितारे बढ़-चढ़कर एक साथ काम कर रहे हैं। सभी भारतीय सिनेमा को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने की ओर प्रयास कर रहे हैं।