Loading...
'राणाबाली' का टीजर: ब्रिटिश हुकूमत के आगे काल बनकर आए विजय देवरकोंडा, दिखा सबसे खौफनाक अवतार

'राणाबाली' का टीजर: ब्रिटिश हुकूमत के आगे काल बनकर आए विजय देवरकोंडा, दिखा सबसे खौफनाक अवतार

Sep 09, 2026
05:22 pm

क्या है खबर?

विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की 'राणाबाली' इस साल की सबसे प्रतीक्षित फिल्मों में से है। राहुल संक्रित्यान द्वारा निर्देशित इसकी रिलीज तारीख आने के बाद, अब रोंगटे खड़े कर देने वाला टीजर आया है। इसमें उस शापित भूमि की अनकही कहानी दिखाई गई है, जो कलेजे को अंदर तक चीरकर रख देगी और अत्याचारों का सिलसिला खून में उबाल ला देगा। विजय का अब तक का सबसे खौफनाक अवतार इस टीजर के जरिए निर्माताओं ने दिखाया है।

टीजर

ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर ले जाता है फिल्म का टीजर

1800 के दशक के उत्तरार्ध में स्थापित, 'राणाबाली' की कहानी दक्षिण भारत में पड़े भीषण अकाल और ब्रिटिश हुकूमत के क्रूर शासन पर आधारित है।

टीजर दिखाता है कि कैसे अंग्रेज भारत में व्यापार करने आए और धीरे-धीरे गांवों पर कब्जा जमाकर क्रूर अत्याचारी बन गए। बेइंतहा जुल्म और मानवीय शोषण के दृश्य विचलित करते हैं।

उसी शापित भूमि से एक खूंखार आदिवासी योद्धा सिंगनामाला बोब्बिली राणाबाली (विजय) का जन्म होता है, जो ब्रिटिश हुकूमत का काल बनता है।

खलनायक

अर्नोल्ड वोस्लू का किरदार भी दमदार

फिल्म में 'द ममी' के लिए मशहूर हॉलीवुड अभिनेता अर्नोल्ड वोस्लू भी हैं, जो ब्रिटिश कमिश्नर 'सर थियोडोर हेक्टर' का किरदार निभा रहे हैं। टीजर में उनका कड़क और खूंखार अंदाज नजर आता है।

वहीं, राणाबाली की पत्नी 'जायम्मा' के किरदार में रश्मिका निडर और बेहद साहसी नजर आई हैं।

कुल मिलाकर टीजर ने दर्शकों की अपेक्षा को बढ़ा दिया है और रिलीज के लिए बेताब कर दिया है। फिल्म 16 अक्टूबर, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

ADVERTISEMENT