'है जवानी तो इश्क होना है' विवाद पर लगा विराम, निर्माता ने दिया बड़ा अपडेट
निर्माता रमेश तौराणी ने साफ कर दिया है कि उनकी फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' के म्यूजिक राइट्स को लेकर चल रहे विवाद से फिल्म की रिलीज या प्रमोशन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। यह मामला तब गरमाया, जब वाशु भगनानी ने दावा किया कि उनकी एक फिल्म के कुछ गानों को उनकी अनुमति के बिना दोबारा इस्तेमाल किया गया है। 23 मई को ट्रेलर लॉन्च के दौरान तौराणी ने कहा, "इसमें कोई दिक्कत नहीं है। जो भी मुद्दा था, वो सुलझ गया है।"
वाशु ने धवन पर गाने फिर से बनाने का आरोप लगाया
वाशु ने निर्देशक डेविड धवन पर बिना पूछे गानों को फिर से तैयार करने का आरोप लगाया और कहा कि ये सिर्फ पैसों का नहीं, बल्कि नैतिकता और भावनाओं से जुड़ा सवाल है। उन्होंने ये भी बताया कि पहले जो ट्रेलर लॉन्च रद्द हुआ था, वो तकनीकी वजहों से नहीं, बल्कि कानूनी पेचीदगियों के कारण था। हालांकि, वाशु फिल्म की रिलीज को नहीं रोक रहे हैं, लेकिन उन्होंने अपनी इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी (बौद्धिक संपदा) बचाने पर जोर दिया। उन्होंने ये भी कहा कि अदालत ने विवादित गानों या सामग्री के इस्तेमाल पर तब तक यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया है, जब तक कि यह पूरा मामला सुलझ नहीं जाता।