Page Loader
भारतीय सिनेमा की शक्ल बदलकर रख देगी 'रामायण', निर्माता बोले- इसकी टक्कर में कोई नहीं
भारतीय सिनेमा के लिए मील का पत्थर साबित होगी 'रामायण'

भारतीय सिनेमा की शक्ल बदलकर रख देगी 'रामायण', निर्माता बोले- इसकी टक्कर में कोई नहीं

Mar 12, 2025
01:08 pm

क्या है खबर?

आने वाले दिनों में कई बड़ी फिल्में दर्शकों के बीच आएंगी। इन्हीं में से एक है 'रामायण'। रणबीर कपूर के प्रशंसक उनकी इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पिछले कई महीनों से इस फिल्म की शूटिंग चल रही है, जो जल्द ही खत्म होने वाली है। बताया जा रहा है कि यह भारतीय सिनेमा की अब तक की सबसे भव्य फिल्म होने वाली है। हाल ही में फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने इस पर बात की।

बयान

रामायण पर किसी एक व्यकित का हक नहीं- निर्माता

नमित ने हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया को दिए अपने हालिया इंटरव्यू में कहा, "रामायण इस दुनिया की है। इस पर किसी भी एक व्यक्ति का हक नहीं है। इसकी यही खास बात है और इसे यही खास बनाती है। हर कोई इससे कुछ अलग ही समझता है और इसी कारण हर व्यक्ति इसे अपनी तरह से बयां करता है। हम 'रामायण' को जिस तरह से पेश करने वाले हैं, वो तरीका इसे बिल्कुल अलग बनाता है।"

दावा

"कई पायदान ऊपर चला जाएगा भारत में फिल्म निर्माण का स्तर"

नमित बोले, "रामायण जब रिलीज होगी तो भारतीय सिनेमा का चेहरा बदल जाएगा। यहां के फिल्म निर्माण का स्तर कई पायदान ऊपर चला जाएगा। जब आप रामायण को ध्यान से पढ़ते हैं तो आपको पता चलता है कि इसका स्तर क्या है? हमने जो कुछ भी पढ़ा है, उसमें आज की तकनीक मिलाकर हम कुछ बड़ा बनाने वाले हैं। हमारे पास आज वो हुनर और तकनीक है, जिसकी मदद से हम रामायण जैसे विषय के साथ न्याय कर सकते हैं।"

सपना

लंबे समय से 'रामायण' को पर्दे पर लाने की सोच रहे थे निर्माता

इससे पहले जब 'रामायण' का पहला पोस्टर सामने आया था तो नमित ने साेशल मीडिया पर लिखा था, 'एक दशक से भी ज्यादा समय पहले मैंने इस महाकाव्य को बड़े पर्दे पर लाने की नेक खोज शुरू की थी, जिसने 5,000 सालों से भी अधिक समय तक अरबों दिलों पर राज किया है और आज मैं इसे खूबसूरती से आकार लेते हुए देखकर रोमांचित हूं, क्योंकि हमारी टीमें केवल एक ही मकसद के साथ अथक प्रयास कर रही हैं।'

फिल्म

2 भागों में रिलीज होगी 'रामायण'

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म 'रामायण' में जहां रणबीर भगवान राम बने हैं, वहीं साई पल्लवी, माता सीता की भूमिका में नजर आएंगी। ' रामायण' एक नहीं, बल्कि 2 भागों में रिलीज होगी। फिल्म का पहला भाग दिवाली, 2026 में रिलीज होगा, वहीं फिल्म का दूसरा भाग ठीक 1 साल बाद यानी 2027 में दिवाली पर ही दर्शकों के बीच आएगा। 'KGF' स्टार यश इसमें रावण की भूमिका निभाएंगे। वह इससे बतौर सह-निर्माता भी जुड़े हैं।