Loading...
'रामायण' का रिलीज से पहले धमाका, टी-सीरीज के साथ 75 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक डील पक्की
'रामायण' ने रिलीज से पहले की तगड़ी कमाई

'रामायण' का रिलीज से पहले धमाका, टी-सीरीज के साथ 75 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक डील पक्की

Jul 29, 2026
10:34 am

क्या है खबर?

सिनेमाघरों में अपनी पहली झलक पेश करने से पहले ही रणबीर कपूर अभिनीत 'रामायण' ने एक बहुत बड़ी व्यावसायिक डील कर ली है। इस बहुप्रतीक्षित पौराणिक महाकाव्य फिल्म ने भारतीय सिनेमा के इतिहास में संगीत अधिकारों के सबसे बड़े सौदों में से एक हासिल किया है, जहां टी-सीरीज ने फिल्म के दोनों भागों के ऑडियो राइट्स खरीद लिए हैं। ये डील 30 जुलाई को रिलीज होने वाले ट्रेलर के वर्ल्ड प्रीमियर से ठीक कुछ दिन पहले हुई है।

सौदा

'रामायण' की अनोखी डील

इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों के अनुसार, इस फिल्म के साउंडट्रैक को हासिल करने के लिए देश की दिग्गज संगीत कंपनियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा थी। हालांकि, कई दौर की बातचीत के बाद टी-सीरीज ने 75 करोड़ के एडवांस में ऑडियो राइट्स अपने नाम कर लिए।

सूत्रों ने यह भी खुलासा किया कि टी-सीरीज ने जोखिम कम करने के लिए इतना बड़ा पैसा तो लगाया है, लेकिन ये शर्त भी जोड़ दी है कि नुकसान होने पर उनका पैसा वापस मिलेगा।

उम्मीद

भूषण कुमार को 'रामायण' के संगीत पर पूरा भरोसा

टी-सीरीज के एक करीबी सूत्र ने पुष्टि करते हुए कहा, "कंपनी ने 'रामायण' के संगीत अधिकार हासिल कर लिए हैं। भूषण कुमार और टी-सीरीज का शीर्ष प्रबंधन फिल्म के साउंडट्रैक की क्षमता को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है।"

सूत्र ने आगे खुलासा किया कि इस समझौते के तहत कंपनी ने म्यूजिक राइट्स के लिए 75 करोड़ का एडवांस भुगतान किया है। ये भारी-भरकम राशि 'रामायण' के दोनों भागों के संगीत अधिकारों को शामिल करती है।

ADVERTISEMENT

जोड़ी

एआर रहमान और हंस जिमर पहली बार साथ

ये किसी भी भारतीय संगीत कंपनी द्वारा की गई अब तक की सबसे बड़ी म्यूजिक राइट्स डील्स में से एक है। खास बात ये है कि ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान और हंस जिमर पहली बार किसी भारतीय फीचर फिल्म के लिए एक साथ संगीत बना रहे हैं।

निर्माताओं ने 'रामायण' के बहुप्रतीक्षित ट्रेलर के लिए नई रिलीज तारीख का भी ऐलान कर दिया है। ट्रेलर 30 जुलाई को सुबह 4 बजकर 15 मिनट पर दुनियाभर में रिलीज किया जाएगा।

ADVERTISEMENT

स्टारकास्ट

'रामायण' के मुख्य कलाकार और रिलीज

बता दें कि दिल्ली में 'रामायण: प्रथम संकल्प' कार्यक्रम और 'सैन डिएगो कॉमिक-कॉन 2026' में निर्माता नमित मल्होत्रा, रणबीर कपूर, यश और निर्देशक नितेश तिवारी की उपस्थिति में ट्रेलर की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई थी।

इस फिल्म में रणबीर कपूर (भगवान राम), साई पल्लवी (माता सीता), यश (रावण), सनी देओल (हनुमान) और रवि दुबे (लक्ष्मण) की भूमिका में हैं। ये फिल्म 2 भागों में आएगी, जिसका पहला हिस्सा दिवाली, 2026 और दूसरा हिस्सा दिवाली, 2027 में रिलीज होगा।

ADVERTISEMENT