'रामायण' में शूर्पणखा क्यों बनीं रकुल प्रीत? बोलीं- वो सिर्फ खलनायिका नहीं, उसे गलत समझा गया
क्या है खबर?
नितेश तिवारी की आगामी फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ अ लेजेंड' में अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा का किरदार निभाती नजर आएंगी। रकुल ने ये रोल चुनने की वजह बताते हुए कहा कि शूर्पणखा का किरदार काफी उलझा हुआ और गहराई से भरा है, जिसे अक्सर लोगों ने गलत समझा है। इतिहास में भले ही उन्हें सिर्फ एक घटना के लिए याद किया जाता हो, लेकिन इस चुनौतीपूर्ण किरदार के कई अलग-अलग पहलू भी हैं।
चयन
रकुल ने बताया क्यों चुनी फिल्म?
समाचार एजेंसी PTI से बात करते हुए रकुल ने बताया कि भारतीय संस्कृति को वैश्विक स्तर पर पेश करने का मौका मिलना उनके लिए इस फिल्म से जुड़ने की सबसे बड़ी वजहों में से एक था।
रकुल बोलीं, "मेरे लिए इस फिल्म में सबसे ज्यादा रोमांचक 2 बातें थीं। पहली ये कि यह दुनिया के सामने भारत, हमारे इतिहास और हमारी सच्चाई का प्रतिनिधित्व करने वाली पहली वैश्विक फिल्म है और दूसरी यह कि शूर्पणखा का किरदार काफी जटिल है।"
किरदार
शूर्पणखा के रोल की जटिलता ने मुझे खींचा- रकुल
रकुल का कहना है कि 'रामायण' में शूर्पणखा का किरदार काफी जटिल है और इसे अक्सर गलत समझा गया है। रामायण के युद्ध की शुरुआत वही वजह बनी थी, इसलिए इसके अलग-अलग रंगों को पर्दे पर जीना बहुत दिलचस्प रहा।
रकुल ने सोशल मीडिया पर एक फैन के खत का जवाब देते हुए भी बताया था कि शूर्पणखा के रोल की इसी गहराई और चुनौती ने उन्हें ये फिल्म साइन करने के लिए प्रेरित किया।
कहानी
फिल्म में दिखेगी रावण की बहन की पूरी कहानी और दृष्टिकोण
'रामायण' में रावण की बहन शूर्पणखा की भूमिका बेहद अहम है, जो भगवान राम और रावण के बीच युद्ध की वजह बनती है।
राम और लक्ष्मण से मुलाकात के बाद वो रावण के पास जाती है, जिसके बाद सीता हरण और बड़ा युद्ध होता है।
रकुल के बयान से साफ है कि फिल्म में शूर्पणखा को केवल युद्ध की वजह के रूप में नहीं, बल्कि उसकी पूरी कहानी और सोच को गहराई से दिखाया जाएगा।