रणबीर कपूर की 'रामायण' मुफ्त में नहीं देख पाएंगे, OTT पर भी देने होंगे पैसे?
क्या है खबर?
रणबीर कपूर और यश की फिल्म 'रामायण' को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। ये फिल्म दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके बाद फिल्म की OTT रिलीज को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि इसे देखने के लिए दर्शकों को सामान्य सब्सक्रिप्शन से अलग व्यवस्था का सामना करना पड़ सकता है। नियमित स्ट्रीमिंग सब्सक्रिप्शन का हिस्सा बनने के बजाय ये फिल्म 'पे-पर-व्यू' विकल्प के माध्यम से उपलब्ध होगी।
OTT रिलीज
सिनेमाघरों के बाद जियो हॉटस्टार पर आएगी 'रामायण'
दिवाली के शुभ अवसर पर 5 नवंबर, 2026 को 'रामायण' दुनियाभर के सिनेमाघरों में IMAX 3D में रिलीज होने जा रही है।
सिनेमाघरों में धमाल मचाने के बाद भारतीय दर्शकों के लिए ये फिल्म जियो हॉटस्टार पर उपलब्ध कराई जाएगी। हालांकि, नियमित OTT सब्सक्रिप्शन होने के बावजूद दर्शक इसे सीधे नहीं देख सकेंगे।
निर्माताओं ने इसे 'पे-पर-व्यू' यानी ऑन-डिमांड खरीद मॉडल के तहत रिलीज करने का फैसला किया है, जिसके लिए दर्शकों को अलग से भुगतान करना होगा।
पे-पर-व्यू
क्या होता है 'पे-पर-व्यू' मॉडल?
पे-पर-व्यू ऐसी डिजिटल व्यवस्था है, जिसमें किसी फिल्म को देखने के लिए अलग से पैसे देने पड़ते हैं यानी अगर आपके पास OTT ऐप का पहले से सब्सक्रिप्शन है, तब भी ये फिल्म उसमें मुफ्त नहीं मिलेगी।
'रामायण' देखने के लिए दर्शकों को ऐप पर ही डिजिटल टिकट की तरह एक तय रकम चुकानी होगी।
पैसे देने के बाद फिल्म देखने के लिए 24 से 48 घंटे का समय मिलेगा, जिसमें आप इसे अपने टीवी या मोबाइल पर देख सकेंगे।
बयान
'रामायण' की OTT रिलीज पर क्या बोलीं नीता अंबानी?
इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य फिल्म को उन लोगों तक पहुंचाना है, जो सिनेमाघर नहीं जा सकते, ताकि वे घर बैठे अपने डिवाइस पर शानदार क्वालिटी में इसका आनंद ले सकें।
जियोस्टार की अध्यक्ष नीता अंबानी ने कहा कि तकनीक के जरिए 'रामायण' की महान सांस्कृतिक विरासत और उसके मूल्यों को देश के हर परिवार तक पहुंचाना गर्व की बात है। यह साझेदारी इस पवित्र कहानी को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक ले जाने का बेहतरीन मौका है।