'रामायण': कैकेयी के समर्थन में आगे आईं लारा दत्ता, बोलीं- उनके बिना नहीं होता ये महाकाव्य
क्या है खबर?
नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' में अभिनेत्री लारा दत्ता 'कैकेयी' का किरदार निभा रही हैं। इस विवादित किरदार की कई लोग आलोचना करते हैं और उन्हें एक बुरी मां के रूप में देखते हैं, जो भगवान राम को वनवास पर भेज देती हैं। हालांकि, अब लारा कैकेयी के समर्थन में आगे आई हैं। एक मीडिया पोर्टल से बात करते हुए लारा ने कैकेयी की मानसिकता के बारे में बात की और कहा कि उनके बिना ये महाकाव्य होता ही नहीं।
लारा
लारा ने किया कैकेयी का बचाव
लारा ने कैकेयी का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने जो किया, वह अयोध्या में उनके बेटे को उचित स्थान दिलाने के लिए किया। उन्होंने उस वादे का जिक्र किया, जो दशरथ ने कैकेयी के पिता से किया था।
कैकेयी के पिता अपनी बेटी का विवाह दशरथ से करने में हिचकिचा रहे थे, क्योंकि वह तीसरी रानी बनतीं। तब दशरथ ने वचन दिया कि कैकेयी का पुत्र अयोध्या के सिंहासन का उत्तराधिकारी बनेगा, भले ही वह सबसे बड़ा न हो।
बयान
यह एक जटिल किरदार है- लारा
लारा ने कहा, "वह प्यार और अपने बेटे के जन्मसिद्ध अधिकार को दिलाने के कर्तव्य के बीच फंसी थीं। अगर वह बेटे के लिए नहीं लड़तीं तो वह सब खो देते। यह एक जटिल किरदार है। उन्हें हमेशा एक खलनायक के रूप में दिखाया गया, लेकिन अगर आप गहराई से देखें तो एक संस्करण में कहा गया है कि उन्होंने दिव्य उद्देश्य के साथ जन्म लिया था, ताकि भगवान राम रावण का वध करने की भविष्यवाणी को पूरा कर सकें।"
कैकेयी
एक बहुत ही अहम किरदार हैं कैकेयी- लारा
लारा ने कहा, "राम अयोध्या के राजा बनते, किसी भी अन्य राजा की तरह शासन करते और बस यही उनका इतिहास होता। हालांकि, उनके वनवास जाने की वजह से ही वे सभी घटनाएं घटीं, जिनमें रावण द्वारा सीता का अपहरण भी शामिल है। वह कहानी में एक बहुत ही अहम किरदार हैं।"
उनके मुताबिक, कैकेयी के मन में वह बस वही मांग रही हैं, जिसका उनसे वादा किया गया था और वह किसी को गुमराह नहीं कर रही हैं।