रणबीर कपूर की 'रामायण' में नहीं चली सेंसर बोर्ड की कैंची, जानिए कितनी लंबी होगी फिल्म
क्या है खबर?
रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' 5 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ये पौराणिक फिल्म दिवाली से ठीक पहले रिलीज होगी। फिल्म की रिलीज में हफ्ते भर से भी कम समय बचा है, इस बीच सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने इसे सेंसर प्रमाणपत्र दे दिया है। बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, फिल्म की सेंसर प्रक्रिया 30 अक्टूबर को पूरा हो गई है।
अवधि
बिना कट के पास हुई 'रामायण'
सेंसर बोर्ड ने 'रामायण' को बिना किसी कट के U सर्टिफिकेट दिया है यानी इसे पूरा परिवार एक साथ बैठकर देख सकता है। फिल्म की कुल लंबाई 3 घंटे 15 मिनट होगी।
बोर्ड के मुताबिक, रावण के अत्याचार बढ़ने पर भगवान विष्णु श्रीराम के रूप में जन्म लेते हैं। पिता का वचन निभाने के लिए राम, सीता और लक्ष्मण वनवास जाते हैं। वहां रावण सीता का हरण कर लेता है, जिसके बाद राम और रावण के बीच युद्ध होता है।
रिलीज
'रामायण' के खौफ से टली 'गोडजिला' की रिलीज
'रामायण' के भारत में IMAX 3D में रिलीज़ होने से IMAX स्क्रीन्स की भारी मांग है। सिनेमाघरों की पहली पसंद 'रामायण' होने के कारण 'गोडजिला माइनस जीरो' की रिलीज टलकर 20 नवंबर हो सकती है, क्योंकि दूसरी फिल्मों को पर्याप्त स्क्रीन नहीं मिल पा रही हैं।
इसी बीच, 4 नवंबर को 'रामायण' के करीब 300 स्पेशल (पेड प्रीव्यू) शो दिखाए जाएंगे, जिससे रिलीज से पहले ही बंपर कमाई की उम्मीद है।
फिल्म
6 भाषाओं और 5 बड़े फॉर्मेट्स में रिलीज होगी 'रामायण'
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म 'रामायण' का निर्माण नमित मल्होत्रा (प्राइम फोकस स्टूडियोज) और यश (मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस) ने मिलकर किया है।
इस भव्य फिल्म में सनी देओल, रवि दुबे, रकुल प्रीत सिंह, अरुण गोविल और लारा दत्ता जैसे कई सितारे नजर आएंगे। '
ये फिल्म हिंदी, तमिल, कन्नड़, तेलुगू, मलयालम और अंग्रेजी में 2D, 3D, IMAX 3D, 4DX 3D और 3D स्क्रीन X फॉर्मेट में सिनेमाघरों में धमाल मचाने आ रही है।