Page Loader
'आदिपुरुष' विवाद के बीच टीवी पर लौट रही है रामानंद सागर की 'रामायण', जानिए कहां देखें
टीवी पर लौट रही 'रामानंद सागर की 'रामायण'

'आदिपुरुष' विवाद के बीच टीवी पर लौट रही है रामानंद सागर की 'रामायण', जानिए कहां देखें

लेखन मेघा
Jun 27, 2023
03:50 pm

क्या है खबर?

'आदिपुरुष' अपनी रिलीज के बाद से ही विवादों में घिरी हुई है। फिल्म को खराब VFX और संवाद के चलते विरोध का सामना करना पड़ा रहा है। इस पर रामायण का अपमान करने का आरोप लगा है तो इसका असर फिल्म की कमाई पर भी देखने को मिल रहा है। इसी सबके बीच अब दर्शकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आ रही है। दरअसल, टीवी पर एक बार फिर रामानंद सागर की 'रामायण' का प्रसारण होने जा रहा है।

विस्तार

कोरोना के दौरान भी हुआ था प्रसारण

रामानंद की 'रामायण' 1987-88 तक छोटे पर्दे पर प्रसारित हुई थी और इसे लोगों ने काफी पसंद किया था। आज भी लोग इसमें भगवान राम और माता सीता का किरदार निभाने वाले कलाकारों का सम्मान करते हैं। कोरोना वायरस के दौरान लगे लॉकडाउन में पहली बार इसका दोबारा से प्रसारण किया गया था। लोगों ने सरकार से इसे दिखाने की मांग की थी, जिसके बाद आधिकारिक तौर पर दूरदर्शन पर 'रामायण' दिखाई गई थी।

विस्तार

3 जुलाई से देख सकेंगे 'रामायण'

अब 'आदिपुरुष' को लेकर चल रहे विवाद के बीच निर्माताओं ने एक बार फिर से 'रामायण' को टीवी पर लाने का फैसला किया है। जानकारी के अनुसार, इस पौराणिक शो को शेमारू टीवी पर वापस लाया जा रहा है। यह 3 जुलाई से सोमवार से शनिवार शाम 7:30 बजे प्रसारित होगी। इसमें अरुण गोविल ने भगवान राम और दीपिका चिखलिया ने सीता की भूमिका निभाई थी, वहीं अरविंद त्रिवेदी रावण और दारा सिंह हनुमान के किरदार में नजर आए थे।

विस्तार

अरुण और दीपिका ने जताई थी आपत्ति

अरुण ने ओम राउत की 'आदिपुरुष' का विरोध जताते हुए इसे हॉलीवुड की कार्टून फिल्म कहा था। उनका कहना था कि वह सोशल मीडिया पर फिल्म के वायरल हो रहे आपत्तिजनक संवाद देखकर परेशान हो गए हैं। इसके अलावा दीपिका ने भी कहा था, "नई पीढ़ी के कलाकारों के साथ थोड़ी परेशानी है क्योंकि वे चरित्र की भावनाओं को समझने में विफल रहते हैं। उनके लिए यह सिर्फ एक फिल्म रही होगी। शायद वे आध्यात्मिक संबंध बनाने में विफल रहे।"

विस्तार

टिकट की कीमत घटाने के बाद भी नहीं मिल रहा फायदा

'आदिपुरुष' में कई ऐसे संवाद हैं, जो लोगों के निशाने पर आए हैं। ऐसे में निर्माताओं ने इनमें बदलाव करने का ऐलान किया था। 26 जून से फिल्म से आपत्तिजनक संवादों को हटा दिया गया है और टिकट की कीमत कम कर दी गई है। अब फिल्म के 3D वर्जन को 112 रुपये में देखा जा सकता है। हालांकि, इसकी कमाई में दिन-ब दिन गिरावट देखने को मिल रही है और यह अभी तक 277.50 करोड़ रुपये कमा चुकी है।