Page Loader
'राम सेतु' से 'सेल्फी' तक, इन फिल्मों में नजर आएंगे अक्षय कुमार
इन फिल्मों में नजर आएंगे अक्षय कुमार

'राम सेतु' से 'सेल्फी' तक, इन फिल्मों में नजर आएंगे अक्षय कुमार

Sep 09, 2022
10:37 am

क्या है खबर?

खिलाड़ी कुमार के नाम से विख्यात अक्षय कुमार बॉलीवुड के सुपरस्टार हैं। एक के बाद एक उनकी कई फिल्में रिलीज की कतार में शामिल रहती हैं। उनका जन्म 9 सितंबर, 1967 को अमृतसर में हुआ था। फिल्मी बैकग्राउंड से नहीं आने के बावजूद इस अभिनेता ने इंडस्ट्री में अपनी अमिट पहचान बनाई। आज (9 सितंबर) वह अपना 55वां जन्मदिन मना रहे हैं। आइए उनकी आगामी बड़ी फिल्मों पर नजर डालते हैं।

#1

राम सेतु

अक्षय पौराणिक कथा पर आधारित फिल्म 'राम सेतु' में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। इस फिल्म में वह पुरातत्वविद की भूमिका में दिखेंगे। फिल्म से अक्षय के लुक को अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। इसमें नुसरत भरूचा को मुख्य भूमिका में देखा जाएगा। नुसरत पहली बार अक्षय के साथ स्क्रीन साझा करती नजर आएंगी। जैकलीन फर्नांडिस और नुसरत एक मजबूत और स्वतंत्र महिला की भूमिका में दिखेंगी। फिल्म 24 अक्टूबर को रिलीज होगी। इसका निर्देशन अभिषेक शर्मा ने किया है।

#2

सेल्फी

दिग्गज अभिनेता अक्षय फिल्म 'सेल्फी' में मुख्य भूमिका में नजर आने वाले हैं। यह मलयालम फिल्म 'ड्राइविंग लाइसेंस' की हिंदी रीमेक है। इसका निर्देशन फिल्ममेकर राज मेहता कर रहे हैं। फिल्म अगले साल 24 फरवरी को सिनेमाघरों में आएगी। इसमें अक्षय के साथ इमरान हाशमी और नुसरत भरूचा मुख्य भूमिकाओं में हैं। 'सेल्फी' को करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस प्रोड्यूसर कर रही है। साउथ सुपरस्टार पृथ्वीराज सुकुमारन फिल्म को प्रोड्यूस करने में सहयोग करेंगे।

#3

बड़े मियां छोटे मियां

1998 की फिल्म 'बड़े मियां छोटे मियां' का सीक्वल उसकी घोषणा होने के बाद से ही चर्चा में है। फिल्म में अक्षय और टाइगर श्रॉफ मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन अली अब्बास जफर कर रहे हैं। यह फिल्म अगले साल दिसंबर में रिलीज हो सकती है। 1998 में रिलीज हुई कॉमेडी एक्शन फिल्म 'बड़े मियां छोटे मियां' में अमिताभ बच्चन और गोविंदा की जोड़ी खूब पसंद की गई थी। फिल्म में दोनों ने डबल रोल किया था।

#4

ओह माय गॉड 2

अक्षय अपनी फिल्म 'ओह माय गॉड 2' को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। ऐसी चर्चा है कि इस फिल्म में अक्षय भगवान शंकर का किरदार निभाने वाले हैं। फर्स्ट लुक पोस्टर में वह भगवान शंकर के अवतार में नजर आए थे। फिल्म में अक्षय के अलावा पंकज त्रिपाठी और यामी गौतम दिखेंगी। इसमें परेश रावल भी नजर आ सकते हैं। फिल्म को अश्विन वर्दे और अक्षय प्रोड्यूस कर रहे हैं। अमित राय ने फिल्म का निर्देशन किया है।

#5

हाउसफुल 5

'हाउसफुल 5' में अक्षय एक बार फिर धमाल मचाने वाले हैं। बता दें कि वह इस फ्रेंचाइजी की चारों फिल्मों में नजर आ चुके हैं। इस फ्रेंचाइजी की फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर जलवा रहा है। 'हाउसफुल' और 'हाउसफुल 2' का निर्देशन साजिद खान ने किया था। 'हाउसफुल 3' का निर्देशन फरहाद सामजी और साजिद ने मिलकर किया था। 'हाउसफुल 4' को फरहाद ने निर्देशित किया था, जो 2019 में आई थी।