Page Loader
भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने 'राम सेतु' को लेकर अक्षय कुमार पर किया मुकदमा
सुब्रमण्यम स्वामी ने अक्षय पर किया मुकदमा

भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने 'राम सेतु' को लेकर अक्षय कुमार पर किया मुकदमा

Aug 28, 2022
04:30 pm

क्या है खबर?

हाल में भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने 'राम सेतु' को लेकर अभिनेता अक्षय कुमार पर हमला बोला था। उन्होंने सोशल मीडिया पर अभिनेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने की बात कही थी। उन्होंने दावा किया था कि फिल्म के जरिए राम सेतु के मसले को गलत ढंग से पेश किया गया है। अब जानकारी सामने आ रही है कि सुब्रमण्यम ने 'राम सेतु' के विवाद को लेकर अक्षय के खिलाफ मुकदमा दायर कर दिया है।

ट्विटर पोस्ट

स्वामी ने ट्विटर पर शेयर की जानकारी

सुब्रमण्यम स्वामी ने सोशल मीडिया पर बताया कि उन्होंने अक्षय के खिलाफ कानूनी नोटिस भेजा है। अक्षय के साथ ही आठ अन्य लोगों को भी यह नोटिस भेजा गया है। आज उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'मुंबई सिनेमा वाले लोगों को झूठ बोलने और चीजों के गलत इस्तेमाल करने की बुरी आदत है। मैंने वकील सत्य सभरवाल के माध्यम से अक्षय (भाटिया) और उनके आठ अन्य लोगों को राम सेतु गाथा को विकृत करने के लिए कानूनी नोटिस भेजा है।'

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए सुब्रमण्यम का पोस्ट

जानकारी

सुब्रमण्यम ने लगाया तथ्यों के साथ छेड़छाड़ का आरोप

सुब्रमण्यम का दावा है कि 'राम सेतु' में तथ्यों के साथ छेड़छाड़ की गई है। यही वजह है कि फिल्म के मेकर्स से वह काफी समय से नाराज चल रहे हैं। फिलहाल इस मामले में अक्षय की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

टिप्पणी

जुलाई में नागरिकता के मुद्दे पर सुब्रमण्यम ने अक्षय पर बोला था धावा

जुलाई में सुब्रमण्यम ने अक्षय के खिलाफ तल्ख टिप्पणी करते हुए उन्होंने अभिनेता की गिरफ्तारी की मांग की थी। उन्होंने अपने एक टवीट में लिखा था, 'यदि अक्षय एक विदेशी नागरिक हैं, तो हम उन्हें गिरफ्तार करने और उनके एडॉप्टेड कंट्री से उन्हें बेदखल करने के लिए कह सकते हैं।' बता दें कि अक्षय के पास भारत की नागरिकता नहीं है, इसिलए सुब्रमण्यम ने उन पर तंज कसा था। अक्षय को अक्सर 'कनाडा कुमार' कहकर भी ट्रोल किया जाता है।

मुश्किलें

बायकॉट की मुहिम के बीच बढ़ सकती हैं अक्षय की मुश्किलें

ऐसे समय में जब बॉलीवुड फिल्मों के बायकॉट की मुहिम सोशल मीडिया पर चल रही है, तो अक्षय के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सिनेमा के जानकारों की मानें तो विरोध के कारण आमिर खान की फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' का प्रदर्शन बॉक्स ऑफिस पर फीका रहा। इसके अलावा अक्षय की हालिया फिल्में सिनेमाघरों में फ्लॉप साबित हुई हैं। उनकी हालिया रिलीज हुई फिल्में 'रक्षा बंधन', 'बच्चन पांडे' और 'सम्राट पृथ्वीराज' कोई कमाल नहीं दिखा पाई थीं।

फिल्म

'राम सेतु' में नजर आएंगे ये कलाकार

'राम सेतु' में अक्षय पुरातत्वविद की भूमिका में दिखेंगे। फिल्म से अक्षय के लुक को भी अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। इसमें नुसरत भरूचा को भी मुख्य भूमिका में देखा जाएगा। नुसरत पहली बार अक्षय के साथ स्क्रीन साझा करती नजर आएंगी। जैकलीन फर्नांडिस और नुसरत एक मजबूत और स्वतंत्र महिला की भूमिका में दिखेंगी। फिल्म के 80 फीसदी हिस्सों की शूटिंग मुंबई में पूरी हुई है। इसका निर्देशन अभिषेक शर्मा ने किया है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

राजनीति में आने से पहले सुब्रमण्यम IIT, दिल्ली में मैथेमैटिकल इकोनॉमिक्स के प्रोफेसर थे। बता दें कि सुब्रमण्यम ने ही एक याचिका दायर कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी पर नेशनल हेराल्ड में घोटाला करने का आरोप लगाया था।