'रामायण' को राम गोपाल वर्मा ने बताया भारतीय सिनेमा का 'ताजमहल', बजट पर कही दो-टूक बात
क्या है खबर?
निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने नितेश तिवारी की भव्य फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' की तारीफ करते हुए इसे 'भारतीय सिनेमा का ताजमहल' बताया है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म की भव्यता और अस्तित्व इसके बजट से जुड़ी चर्चाओं से कहीं आगे निकल जाएंगे। उनका ये बयान रणबीर कपूर के भगवान राम के शांत किरदार और फिल्म 'एनिमल' में उनके उग्र अभिनय की तुलना करने के ठीक बाद आया है।
बजट
खर्च नहीं, भव्य विरासत याद रखेंगे दर्शक- राम गोपाल वर्मा
वर्मा ने एक्स पर फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' की तुलना ऐतिहासिक ताजमहल से की।
उनके मुताबिक, दर्शक फिल्म पर खर्च हुए पैसे के बजाय उसकी भव्य विरासत को याद रखते हैं।
वर्मा ने लिखा, 'आखिरकार 'रामायण' भारतीय सिनेमा के ताजमहल के रूप में याद रखी जाएगी। आज किसी को परवाह नहीं कि ताजमहल बनाने में कितना खर्च आया था, जनता के लिए सिर्फ यह मायने रखता है कि वो बन चुका है। बाकी सब निजी बातें हैं।'
दावा
2,000 करोड़ नहीं, 800 करोड़ से कम में बनी है 'रामायण'?
वर्मा का ये बयान उनके हालिया पोस्ट्स की कड़ी का हिस्सा है, जिसमें उन्होंने फिल्म का बजट 2,000 करोड़ रुपये बताने वाली खबरों को गलत बताया था।
उन्होंने दावा किया कि निर्माता नमित मल्होत्रा ने विदेशी टैक्स छूट, सब्सिडी और साझेदारी की मदद से फिल्म का पहला भाग 800 करोड़ रुपये से कम में बनाया है। वर्मा के मुताबिक, कोई भी अनुभवी फिल्ममेकर फिल्म देखकर ही इसके असली खर्च का अंदाजा लगा सकता है।
फिल्म
'रामायण' इतिहास या सिर्फ एक कहानी?
फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने 'रामायण' को इतिहास मानने से इनकार करते हुए इसे 'पौराणिक कथा' बताया है। उनके मुताबिक, इसके सच में घटित होने का कोई ठोस सबूत नहीं है, इसलिए यह वाल्मीकि की रची हुई एक कहानी भी हो सकती है।
इसके साथ ही वर्मा ने रावण के चित्रण पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें कभी स्पष्ट नहीं बताया गया कि रावण खलनायक क्यों है, हालांकि नमित मल्होत्रा की 'रामायण' में इसकी कुछ झलक जरूर दिखती है।
कमाई
बॉक्स ऑफिस पर 'रामायण' का महा-रिकॉर्ड
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' भगवान राम के वनवास, माता सीता के हरण और लंकापति रावण के साथ हुए ऐतिहासिक युद्ध की अमर गाथा को भव्य रूप में पेश करती है।
फिल्म में रणबीर कपूर (राम), साई पल्लवी (सीता), यश (रावण), सनी देओल (हनुमान) और रवि दुबे (लक्ष्मण) मुख्य भूमिकाओं में हैं।
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, 5 नवंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने भारत में अब तक करीब 823.33 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।