LOADING...
'पेड्डी': शूटिंग के चंद घंटों बाद गाना लीक, निर्माताओं ने रातों-रात हटाए 400 से ज्यादा लिंक
'पेड्डी' से राम चरण का गाना लीक

'पेड्डी': शूटिंग के चंद घंटों बाद गाना लीक, निर्माताओं ने रातों-रात हटाए 400 से ज्यादा लिंक

Apr 29, 2026
04:22 pm

क्या है खबर?

साउथ के सुपरस्टार राम चरण की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'पेड्डी' के सेट से सुरक्षा में एक बड़ी चूक हो गई है। फिल्म के एक स्पेशल डांस नंबर की शूटिंग खत्म होने के कुछ ही घंटों बाद उसका 53 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर लीक हो गया। इस घटना ने फिल्म की पूरी टीम को हैरान कर दिया है। निमार्ताओं ने हरकत में आते ही डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से अब तक 400 से ज्यादा अवैध लिंक्स को हटवा दिया है।

हैरानी

वायरल हुई क्लिप तो उड़ गए फिल्म की टीम के होश

सूत्रों ने मिड डे को बताया कि जब निर्देशक बुच्ची बाबू सना और उनकी टीम ने देखा कि फिल्म की क्लिप फैन पेजों, टेलीग्राम ग्रुप्स और एक्स पर धड़ल्ले से वायरल हो रही है तो वो दंग रह गए। सूत्र ने कहा, "आमतौर पर निर्माताओं को पोस्ट-प्रोडक्शन के दौरान लीक होने का डर रहता है, लेकिन यहां तो फुटेज सीधे सेट से ही बाहर निकल गई। पूरी टीम इस अचानक हुई घटना से पूरी तरह हैरान रह गई।"

सेंधमारी

शूटिंग के चंद घंटों बाद लीक हो गया वीडियो

27 अप्रैल की देर रात फिल्म के एक स्पेशल डांस नंबर का करीब 53 सेकंड का फुटेज इंटरनेट पर लीक हो गया। हैरानी की बात ये थी कि राम चरण और श्रुति हासन पर फिल्माए जा रहे इस गाने की शूटिंग उसी दिन सुबह हैदराबाद के पास जनवाड़ा में लगे एक विशेष सेट पर शुरू हुई थी। शूटिंग शुरू होने के चंद घंटों के भीतर ही वीडियो का लीक हो जाना निर्माताओं के लिए किसी झटके से कम नहीं था।

Advertisement

लीक का सच

मॉनिटर प्लेबैक से चोरी-छिपे बनाया गया वीडियो?

चर्चा है कि यह लीक या तो सेट पर मौजूद मॉनिटर रिकॉर्डिंग के जरिए हुआ है या आंतरिक रूप से साझा किए गए किसी 'प्रीव्यू कट' से। सूत्र ने बताया, "इंटरनेट पर वायरल हो रहा वीडियो कोई तैयार टीजर नहीं था। फुटेज की क्वालिटी को देखकर साफ लग रहा है कि किसी ने शूटिंग के दौरान सेट पर चल रहे मॉनिटर प्लेबैक को चुपके से अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया और फिर उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया।"

Advertisement

एक्शन

निर्माताओं ने तैनात किए एंटी-पायरेसी विशेषज्ञ

वीडियो लीक होने की इस घटना के तुरंत बाद निर्माताओं ने एंटी-पायरेसी विशेषज्ञों की एक टीम तैनात कर दी है, जो इंटरनेट पर इसे फैलने से रोकने की हरसंभव कोशिश कर रही है। अब तक अलग-अलग डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से 400 से ज्यादा अवैध लिंक्स हटाए जा चुके हैं। इस फिल्म में राम चरण के साथ अभिनेत्री जाह्नवी कपूर मुख्य भूमिका में नजर आने वाली हैं। दोनों पहली बार साथ आए हैं। फिल्म 25 जून, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Advertisement