मुश्ताक खान के निधन से महज 2 घंटे पहले मिले थे राजपाल यादव, क्या हुई बात?
क्या है खबर?
मशहूर अभिनेता मुश्ताक खान का 56 वर्ष की आयु में कैंसर से जंग हारने के बाद निधन हो गया। उन्होंने 'वेलकम', 'गदर: एक प्रेम कथा' और 'स्त्री 2' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में अपनी बेहतरीन अदाकारी से दर्शकों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी। उनके निधन से फिल्म जगत और प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है। हाल ही में अस्पताल में उनसे मुलाकात करने वाले अभिनेता राजपाल यादव ने उनसे हुई अपनी आखिरी बातचीत की यादें साझा कीं।
दुख
राजपाल ने मुश्ताक खान के निधन पर जताया शोक
राजपाल ने 24 सितंबर को इंस्टाग्राम पर मुश्ताक की एक तस्वीर साझा कर लिखा, 'आज दोपहर मैं मुश्ताक भाई से मिलने गया था, उनसे बात की। उन्होंने मुझे देखा, मुझसे हाथ मिलाया और वो हमारी सभी बातों को सुन रहे थे और उन पर प्रतिक्रिया भी दे रहे थे। मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा है कि जिस व्यक्ति से मैं 2 घंटे पहले मिला था, जिससे मैंने हाथ मिलाया था, वो अब हमारे बीच नहीं रहा।'
श्रद्धांजलि
अस्पताल का वीडियो डिलीट कर साझा की तस्वीर
राजपाल ने लिखा, 'हम सब ईश्वर के इस फैसले के आगे नतमस्तक हैं। मुश्ताक भाई एक लोकप्रिय व्यक्ति और अभिनेता थे, हैं और हमेशा रहेंगे। मैं भारी दिल से आपको भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।'
राजपाल ने उनकी मुलाकात का वीडियो शेयर करने के बाद डिलीट कर दिया और मुश्ताक की तस्वीर के साथ श्रद्धांजलि दी। हालांकि, एक यूजर ने वही डिलीट किया वीडियो बाद में साझा कर दिया, जिसमें राजपाल, मुश्ताक से अस्पताल में मिलते नजर आ रहे हैं।
ट्विटर पोस्ट
राजपाल यादव का पोस्ट
आज दोपहर में मैं मुश्ताक भाई से मिलने गया, उनसे बातें की, उन्होंने मुझे देखा, मुझसे हाथ भी मिलाया और हमारी सारी बातें वह सुन रहे थे और react भी कर रहे थे। मुझे तो अभी भी यकीन नहीं हो रहा की दो घंटे पहले मैं जिनसे मिला, जिनसे हाथ मिलाया, वो अब हमारे बीच नहीं है। ऊपर वाले के… pic.twitter.com/kmzMyiuVGo
— Rajpal Naurang Yadav (@rajpalofficial) September 24, 2026
मुलाकात
बीमार मुश्ताक को ढांढस बंधाते दिखे राजपाल
डिलीट किए वीडियो में दिवंगत अभिनेता बिस्तर पर लेटे हुए राजपाल का हाथ थामे नजर आ रहे हैं। राजपाल उन्हें ढांढस बंधाते हुए और ये आश्वासन देते हुए सुने जा सकते हैं कि वो जल्द ही ठीक हो जाएंगे।
सनी देओल ने भी मुश्ताक खान की तस्वीर साझा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि मुश्ताक एक बेहतरीन इंसान और अभिनेता थे और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने इस मुश्किल वक्त में हिम्मत की कामना की।
दुखद
कैंसर से जंग हारे मुश्ताक
मुश्ताक कैंसर से जंग लड़ रहे थे और मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती थे।
ICU में इलाज के दौरान गुरुवार शाम करीब 7 बजे उनका निधन हो गया। उनके बिजनेस पार्टनर शिवम ने बताया कि उन्हें फेफड़ों का कैंसर था, जो ठीक होने के बाद 8 दिन पहले फिर उभर आया था।
मुश्ताक ने अपने लंबे सफर में 'वेलकम', 'आशिकी', 'मुझसे शादी करोगी' और 'हम हैं राही प्यार के' जैसी कई हिट फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं।